आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन गुरुवार सुबह तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसलकर गिर पड़े थे। उन्हें सुबह दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब 12 बजे उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें लोक नारायण जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) में शिफ्ट किया गया है। उन्हें फिलहाल ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

तिहाड़ के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे सत्येंद्र जैन तिहाड़ की जेल नंबर 7 के मेडिकल इंस्पेक्शन रूम के बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े। यहां उन्हें कमजोरी की शिकायत के बाद ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। शुरुआती जांच में उनके अंग ठीक से काम कर रहे थे, लेकिन जैन ने पीठ, बाएं पैर और कंधे में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।

एक हफ्ते में यह तीसरी बार है, जब जैन को अस्पताल लाया गया है। इससे पहले 22 मई को उन्हें दिल्ली के ही सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। तब उन्हें रीढ़ में परेशानी आई थी। 20 मई को भी वो इसी परेशानी के चलते दीन दयाल अस्पताल लाए गए थे।

सत्येंद्र जैन को लेकर केजरीवाल ने कहा- भगवान सब देख रहा है

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्ववीट किया कि जो इंसान जनता को अच्छा इलाज और अच्छी सेहत देने के लिए दिन-रात काम कर रहा था, आज उस भले इंसान को एक तानाशाह मारने पर तुला है। उस तानाशाह की एक ही सोच है, सबको खत्म कर देने की, वो सिर्फ ‘मैं’ में ही जीता है। वो सिर्फ खुद को ही देखना चाहता है। भगवान सब देख रहे हैं, वो सबके साथ न्याय करेंगे।

वकील ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था- ये आदमी कंकाल हो गया

सुप्रीम कोर्ट में वकील ने दी थी सेहत की जानकारी सत्येंद्र जैन के वकील अभिषेक एम सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन की गिरती सेहत का हवाला दिया था। सिंघवी ने कहा था कि वो आदमी कंकाल हो गया है, जेल में 35 किलो वजन घट गया है। सेहत लगातार बिगड़ रही है और उनका केस वेटिंग लिस्ट में 416 नंबर पर है।

केजरीवाल ने कहा था- भाजपा का जुल्म देश देख रहा, भगवान माफ नहीं करेंगे

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “सत्येंद्र जैन जी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। BJP सरकार के इस अहंकार और जुल्म को दिल्ली और देश के लोग अच्छे से देख रहे हैं। भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ नहीं करेंगे। इस संघर्ष में जनता हमारे साथ है, ईश्वर हमारे साथ हैं, हम सरदार भगत सिंह जी के चेले हैं। जुल्फ, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमारी ये लड़ाई जारी रहेगी।’

वेकेशन बेंच में हो सकती है जैन के केस की सुनवाई

सत्येंद्र जैन 31 मई 2022 से हिरासत में हैं। 6 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में जमानत अपील की थी। ​​​​​​