आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारतीय राजनीति के आज के मीर जाफर हैं। वे भारत के शहजादे हैं, जो नवाब बनने के लिए लंदन में बयान देते हैं। उन्हें ब्रिटेन में कही बातों के लिए संसद में माफी मांगनी होगी। ऐसा नहीं है कि राहुल गांधी बिना माफी मांगे निकल जाएंगे। हम उनसे माफी मंगवा कर रहेंगे। पात्रा ने यह बात प्रेस कॉन्फ्रेंस कही।
पवन खेड़ा ने कहा- कम से कम भाजपा प्रवक्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस तो करते हैं
संबित पात्रा के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि शाह और शहंशाह जानते हैं कि राहुल गांधी माफी नहीं मांगेगे। भाजपा प्रवक्ताओं की परंपरा रही है दिन में वॉट्सऐप रिचार्ज करते हैं और शाम को टीवी पर आकर कचरा बांट देते हैं। चलिए कुछ तो करते हैं, अपने बॉस की तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस से बचते तो नहीं हैं।
उन्होंने आगे कहा कि लंदन के वफादार, हमारे स्वतंत्रता सैनानियों के खिलाफ मुखबरी करने वाले, नौ बार नाक रगड़कर इंग्लैंड से माफी मांगने वाले, वाइसरॉय से पेंशन लेने वाले जब सुबह-सुबह आकर हमें देशभक्ति का ज्ञान देते हैं, तो हंसी आती है। राहुल गांधी को मौजूदा दौर का ‘मीर जाफर’ कहने वाले संबित पात्रा के बयान पर जल्द होगी कार्रवाई।