आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रीम कोर्ट महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट को शिवसेना पार्टी का नाम और निशान ‘धनुष और तीर’ देने के चुनाव आयोग के आदेश को चुनौती देने वाली उद्धव ठाकरे गुट की याचिका पर 31 जुलाई को सुनवाई करेगा।
CJI डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने ईसीआई के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। साथ ही चुनाव आयोग को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
चीन के किंडरगार्टेन में चाकूबाजी, 3 बच्चों समेत 6 की मौत
चीन के गुआनडॉन्ग में किंडरगार्टेन में हुई चाकूबाजी में 6 की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे 25 साल के हमलावर ने चाकूबाजी की। हमले में 3 बच्चों के अलावा एक टीचर और 2 पेरेंट्स की मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस हमले के पीछे कोई मकसद जरूर था। चीन के जियांग्सी प्रांत में अगस्त 2022 को भी किंडरगार्टेन में चाकूबाजी हुई थी। इस घटना में 3 लोगों की जान चली गई थी।
UP के मुजफ्फरनगर में रिश्वत लेते हुए पासपोर्ट असिस्टेंट समेत 2 गिरफ्तार, CBI ने की कार्रवाई
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पासपोर्ट जारी करने के बदले 5 हजार की रिश्वत मांगने के तीन लोगों को अरेस्ट किया है। वाकया उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बने पासपोर्ट सर्विस सेंटर का है। जहां तैनात एक पासपोर्ट असिस्टेंट समेत दो लोग रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए।
गिरफ्तार लोगों की पहचान मुजफ्फरनगर में पासपोर्ट सर्विस सेंटर के सहायक अंकुश कुमार और एक निजी व्यक्ति फरहान के रूप में की गई।
महाराष्ट्र के नागपुर में कार और ट्रक की टक्कर; 3 की मौत, 6 घायल
महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में आकर भिड़ गई। घटना में 3 लोग मारे गए, जबकि 6 लोग घायल हुए। यह हादसा रविवार शाम रामतेक-भंडारा रोड पर हुआ। पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ने बिना इंडिकेटर जलाए अपना ट्रक सड़क पर पार्क कर रखा था तभी पीछे से आ रही कार ने ट्रक को टक्कर मार दी।
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार नौ लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। इनमें पांच बच्चे भी शामिल थे। इन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।