आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) चीफ शरद पवार ने शुक्रवार को बारामती में कहा है कि अजित पवार उनकी पार्टी के नेता हैं। NCP में कोई टूट नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘कोई पार्टी तब टूटती है, जब पार्टी का एक बड़ा ग्रुप राष्ट्रीय स्तर पर अलग होता है। NCP में ऐसा कुछ नहीं हुआ।’
शरद पवार ने कहा, ‘कुछ लोग पार्टी छोड़कर गए। कुछ नेताओं ने अलग राजनीतिक स्टैंड लिया। लोकतंत्र में उन्हें इसका अधिकार है। इसे फूट नहीं कह सकते। अजित हमारी पार्टी के नेता हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है।’ यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने जा रही है।
एक दिन पहले, सुप्रिया सुले ने भी अजित को सीनियर लीडर कहा था
24 अगस्त को शरद की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा था कि अजित पवार NCP के सीनियर लीडर और विधायक हैं। सुप्रिया ने कहा, ‘अजित ने पार्टी के खिलाफ स्टैंड है। हमने विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत दी है और उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।’
NCP के 8 विधायकों के साथ अजित NDA में शामिल हुए थे, डिप्टी सीएम की शपथ ली
अजित 2 जुलाई को NCP के आठ विधायकों के साथ भाजपा-शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए थे। इसी दिन शिंदे सरकार में अजित ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली।
अलगाव के बाद शरद-अजित के बीच 4 बार मुलाकात हुई
14 जुलाई: महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार ने NCP प्रमुख शरद पवार से उनके घर पर मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि अजित अपनी चाची प्रतिभा पवार (शरद पवार की पत्नी) से मिलने गए थे, जिन्हें एक सर्जरी के बाद 14 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
16 जुलाई: अजित पवार विधायकों के साथ शरद पवार से मिले थे। तब प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि हमने पैर पकड़कर शरद पवार जी का आशीर्वाद लिया। हमने उनसे NCP में एकजुटता और मजबूती को लेकर अपनी बातें रखीं।
17 जुलाई: लगातार दूसरे दिन अजित पवार अपने चाचा शरद पवार से मिलने मुंबई के NCP ऑफिस वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे। उनके साथ उनके गुट के NCP विधायक भी थे। मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने कहा- कल मानसून सत्र शुरू होने से पहले हमने उनसे आशीर्वाद लिया था। आज सत्र शुरू होने पर हमने दोबारा पवार साहब का आशीर्वाद लिया।
12 अगस्त: आखिरी बार शरद-अजित की मुलाकात 12 अगस्त को हुई थी। पुणे में कोरेगांव पार्क इलाके के लेन नंबर 3 स्थित बिजनेसमैन अतुल चोरडिया के बंगले पर दोनों के बीच सीक्रेट मीटिंग हुई थी।