आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई के ग्रांड हयात होटल में होगी। इस बैठक से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में NCP नेता शरद पवार ने कहा- हम परिवर्तन के लिए एक साथ आए हैं। 28 पार्टियों का सम्मलेन कल से शुरू होगा। चुनाव में परिवर्तन के लिए विकल्प जरूरी है। हमारा भरोसा है कि देश को एक बढ़िया विकल्प मिलेगा।

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा- हमारे गठबंधन में 11 मुख्यमंत्री हैं। गठबंधन में शामिल पार्टियों को पिछले चुनाव में 23 करोड़ वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 22 करोड़ वोट मिले थे। तब हम अलग-अगल थे, इसलिए भाजपा जीत गई थी।

शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता उद्धव ठाकरे ने कहा- हमारा गठबंधन बनते ही सरकार ने गैस के दाम कम कर दिए हैं। देखते जाइये, आगे से फ्री सिलेंडर भी देंगे। सरकार खुद गैस पर हैं। नौ साल से इन्हें बहनों की याद नहीं आई, इस बार रक्षाबंधन का गिफ्ट दे रहे हैं। क्या पहले रक्षाबंधन नहीं मनाया गया था।

हमारी विचारधारा अलग-अलग जरूर है, हमारा उद्देश्य एक है, संविधान की रक्षा करना।

लालू-तेजस्वी मुंबई पहुंचे

इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) की तीसरी बैठक कल से शुरू हो रही है। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी मंगलवार को ही मुंबई पहुंच चुके हैं।

पहली मीटिंग बिहार के CM नीतीश कुमार की जेडीयू द्वारा 23 जून को पटना में आयोजित की गई थी। दूसरी बैठक बेंगलुरु में 17-18 जुलाई को आयोजित की गई थी और इसकी मेजबानी कांग्रेस ने की थी। इस बार शिवसेना (उद्धव गुट) और एनसीपी (शरद गुट) मीटिंग की मेजबानी कर रहे हैं।

1 सितंबर को कन्वीनर के नाम की घोषणा हो सकती है

बेंगलुरु की बैठक में विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन को इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) नाम दिया था। 1 सितंबर को होने वाली मीटिंग में विपक्षी गठबंधन के कन्वीनर के नाम की घोषणा हो सकती है। बिहार के CM नीतीश कुमार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस रेस में आगे चल रहे हैं।

इसके अलावा बैठक में सीट शेयरिंग, 11 सदस्यीय कॉर्डिनेशन कमेटी और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट यानी एक कॉमन ऑफिस दिल्ली में बनाने को लेकर भी फैसला हो सकता है। मुंबई की बैठक में नए गठबंधन का झंडा और लोगो भी लॉन्च किया जा सकता है।