आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस नेता राहुल गांधी 25 अगस्त तक लद्दाख के दौरे पर हैं। सोमवार रात को उन्होंने लेह मार्केट में आर्मी के रिटायर्ड अफसरों से मुलाकात की। राहुल ने उनके साथ तिरंगा फहराया और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। इस दौरान मार्केट में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।
राहुल ने मार्केट में खरीदारी भी की। न्यूज एजेंसी ANI ने इसका वीडियो शेयर किया। वीडियो में वे भीड़ से घिरे दिख रहे हैं। उन्होंने सामान खरीदा। कुछ देर बाद वे सब्जी की दुकान पर पहुंचे और वहां से सब्जियां लीं।
राहुल आज (22 अगस्त) को बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा से भी मिलेंगे। वे अपनी बाइक से उनसे मिलने के लिए निकले।
बॉडीगार्ड्स के बीच से निकलकर बच्चा ऑटोग्राफ लेने पहुंचा
राहुल के लेह मार्केट पहुंचते ही युवाओं की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। भीड़ से एक बच्चा उनका ऑटोग्राफ लेने के लिए सुरक्षा घेरा पार कर पहुंच गया। उन्होंने बच्चे को ऑटो ग्राफ दिया और साथ में फोटो खिंचवाई।
राहुल गांधी ने लद्दाख में 264 km बाइक चलाई
सोमवार को राहुल पैंगोंग त्सो लेक से बाइक राइड कर 264 किलोमीटर दूर खारदुंग ला पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। राहुल दो दिन (17-18 अगस्त) के दौरे पर लद्दाख गए थे, लेकिन 18 अगस्त को उनका दौरा 25 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया।
शनिवार (19 अगस्त) को राहुल ने लद्दाख से पैंगोंग त्सो लेक तक बाइक राइडिंग की थी। वहीं, रविवार (20 अगस्त) को उन्होंने पैंगोंग त्सो लेक के किनारे अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी थी। राहुल 25 अगस्त को होने वाली 30 सदस्यीय लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद-कारगिल चुनाव की बैठक में भी शामिल होंगे।
राहुल बोले- चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा किया
राहुल गांधी ने 20 अगस्त को लद्दाख में चीनी घुसपैठ का दावा किया था। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि एक इंच भी जमीन नहीं गई। यहां के लोगों ने मुझे बताया कि लद्दाख में घुसकर चीन ने उनकी जमीन छीन ली।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने हिंदी-चीनी भाई-भाई की माला जपकर भारत माता की धरती से 45 हजार स्क्वायर किमी चीन को दे दी। उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।’
उधर, रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘कुछ भी करो, लेकिन भारत के सुरक्षाबलों का मनोबल गिराने की कोशिश क्यों करते हो? कांग्रेस बालाकोट और उरी हमलों का सबूत मांगती है, हम उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। आज राहुल गांधी लद्दाख के बारे में बात कर रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि 1962 के युद्ध से पहले और बाद में चीन ने भारत की कितनी जमीन पर कब्जा किया था।’