आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उद्योगपति मुकेश अंबानी एक बार फिर दादा बने हैं। उनके बड़े बेटे आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका ने बेटी को जन्म दिया है। आकाश और श्लोका दूसरी बार पेरेंट्स बने हैं। इससे पहले दिसंबर 2020 में उन्हें एक बेटा हुआ था, जिसका नाम पृथ्वी है।

आकाश के दोस्त धनराज नाथवानी ने अंबानी परिवार में आए नए मेहमान की जानकारी दी। धनराज राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी के बेटे हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- आकाश और श्लोका अंबानी को उनकी नन्ही राजकुमारी के आगमन पर हार्दिक बधाई। यह अनमोल आशीर्वाद आपके जीवन में अपार खुशियां और प्यार लाए।

आकाश-श्लोका स्कूल में साथ पढ़ते थे

आकाश और श्लोका की शादी 9 मार्च 2019 को हुई थी। दोनों स्कूल फ्रेंड रहे हैं। उनकी स्कूलिंग धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से हुई। श्लोका ने अमेरिका की प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से एंथ्रोपॉलजी की पढ़ाई की। इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से मास्टर्स की डिग्री हासिल की।

आकाश और श्लोका का प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन स्विट्जरलैंड के सेंट मॉरिट्ज में रखा गया था। यह प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन तीन दिन तक चला था। इस सेलिब्रेशन में भी तमाम बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।

श्लोका कारोबारी के साथ-साथ समाजसेवी भी हैं

श्लोका रोजी ब्लू फाउंडेशन की डायरेक्टर हैं। इस हीरा कंपनी के मालिक श्लोका के पिता रसेल मेहता हैं। बिजनेस लेडी होने के साथ ही श्लोका एक सोशल वर्कर भी हैं। उन्होंने 2015 में ConnectFor नाम से NGO शुरू किया था, जो कि जरूरतमंदों को शिक्षा, भोजन और घर उपलब्ध कराता है।​​​​

6 महीने पहले ईशा ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था

मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने नवंबर में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। उनकी शादी आनंद पीरामल से चार साल पहले हुई थी। ईशा और आनंद की बेटी का नाम आदिया और बेटे का नाम कृष्णा रखा गया है। मुकेश अंबानी के परिवार में अब चार छोटे बच्चे हो गए हैं।

देश के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा ने 19 नवंबर को अमेरिका के लॉस एंजिलिस में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। इसके एक महीने बाद वे मुंबई लौट आईं। उनके रेजिडेंस करुणा सिंधु में विशेष कार्यक्रम और पूजा हुई।

  1. अंबानी फैमिली को फिर जान से मारने की धमकी

मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर अनजान शख्स का दो बार कॉल आया, जिसमें कॉलर ने अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पहली बार कॉल 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे आया और दूसरा कॉल शाम 5 बजे आया। इसके बाद से अस्पताल और एंटीलिया (मुकेश अंबानी का घर) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।