आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नागपुर एयरपोर्ट पर सोमवार की शाम मुंबई से रांची जा रहे इंडिगो प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक पैसेंजर अचानक खून की उल्टियां करने लगा। इसे देखते हुए फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

पैसेंजर को नागपुर में ही भर्ती करवाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। यात्री की पहचान 62 साल के देवानंद त‍िवारी के रूप में हुई है।

पैसेंजर को किडनी की समस्या थी

देवानंद तिवारी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 5093 में यात्रा कर रहे थे। उन्हें किडनी की समस्या और टीबी थी।

यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्‍हें खून की उल्टियां होने लगीं। इलाज के लिए उन्हें IMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।

इंडिगो में ही 23 साल के युवक को हार्ट अटैक आया था

रविवार रात 11:10 बजे लखनऊ से शारजाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट E6-1423 की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

दरअसल, विमान में 23 साल के युवक को हार्ट अटैक आ गया। उसे जयपुर एयरपोर्ट के नजदीक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामला का है। हॉस्पिटल के इमरजेंसी से जुड़े मेडिकल स्टाफ ने बताया कि पेशेंट का नाम नंथा गोपाल है। शुरुआती इलाज लेने के बाद उसने आगे का इलाज लेने से मना कर दिया और वापस चला गया। पूरी खबर पढ़ें …

5 दिन पहले इंडिगो के पायलट की हुई थी मौत

नागपुर एयरपोर्ट पर 17 अगस्त को कार्डियक अरेस्ट से 40 साल के एक पायलट की मौत हो गई थी। इसी पायलट को नागपुर-पुणे फ्लाइट ले जानी थी। अफसरों के मुताबिक, पायलट का नाम कैप्टन मनोज सुब्रमण्यम था।

दोपहर 12 बजे वे प्लेन की तरफ जा ही रहे थे, तभी एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट पर गश खाकर गिर पड़े। सुब्रमण्यम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। एक दिन पहले ही दिल्ली से दोहा जा रहे विमान में भी पायलट की मौत हो गई थी। वे भारतीय मूल के थे।

पटना एयरपोर्ट पर 6 अगस्त की सुबह इंडिगो फ्लाइट का एक इंजन उड़ान भरते ही बंद हो गया। करीब आधे घंटे तक फ्लाइट आसमान में रही। पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। फ्लाइट ने पटना से दिल्ली के लिए सुबह 8:40 बजे उड़ान भरी थी। इसमें 181 पैसेंजर्स और 8 क्रू मेंबर सवार थे।

इस साल जून में लंदन से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट को पायलट जयपुर में छोड़कर चले गए। पायलट का कहना था कि उनका ड्यूटी टाइम पूरा हो गया है। फ्लाइट में सवार पैसेंजर 6 घंटे तक जयपुर एयरपोर्ट पर परेशान होते रहे। बाद में बाय रोड उन्हें दिल्ली भेजा गया।

पायलट बोला थका हूं, फ्लाइट छोड़ी, दूसरे पायलट के इंतजार में पैसेंजर्स ने अंताक्षरी खेली

दिल्ली से कोलकाता जाने वाली इंडिगो फ्लाइट ने 2 जुलाई को पायलट के न आने से एक घंटे देर से उड़ान भरी। पायलट के इंतजार में सभी पैसेंजर्स ने अंताक्षरी खेली। नए पायलट के आने के बाद रात 9:30 बजे विमान ने उड़ान भरी। फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे।