आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के कोलार इलाके में मेडिकल स्टूडेंट ने खुदकुशी कर ली। मंगलवार को उसका शव एलएन आयुर्वेदिक कॉलेज के हॉस्टल में फंदे पर मिला। वह मूलत: जबलपुर का रहने वाला था। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने स्ट्रेस (तनाव) में जान देने की बात लिखी है। खास बात ये है कि आज ही उसके माता-पिता की शादी की सालगिरह भी थी।
टीआई जय सिंह ने बताया कि जबलपुर का रहने वाला अमृत पटेल (20) पुत्र प्रवेंद्र पटेल भोपाल स्थित LNCT ग्रुप के एलएन आयुर्वेदिक कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पढ़ाई कर रहा था। यहां वह BAMS फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। उसने पिछले महीने ही कॉलेज में एडमिशन लिया था और वह कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता था।
अमृत सोमवार रात को ही जबलपुर स्थित घर से भोपाल आया था। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह कॉलेज गया। इसके बाद करीब 11:30 बजे हॉस्टल के रूम नंबर एफ-9 में उसने फांसी लगा ली। दोपहर 1:30 बजे जब उसका सहपाठी रूम में पहुंचा, तब घटना का पता चला। मैनेजमेंट ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्र ने तनाव के चलते खुदकुशी की बात लिखी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पीएम के लिए भिजवा दिया।
माता-पिता की एनिवर्सरी का लगाया स्टेटस
मंगलवार को ही अमृत के माता-पिता की वेडिंग एनिवर्सरी थी। इस मौके पर उसने मोबाइल में अपने वॉट्सएप स्टेटस पर माता-पिता की फोटो लगाई थी। साथ ही कैप्शन में ‘हैप्पी मैरिज एनिवर्सरी मम्मी-पापा’ लिखा था।