सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बीएमएचआरसी में हिंदी पखवाड़ा संपन्न, डॉ. सविता भार्गव को ‘साहित्य-श्री’ सम्मान
भोपाल आईसीएमआर-भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित हो रहे हिंदी पखवाड़े का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के आयकर आयुक्त राजेश कुमार थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ कवयित्री एवं साहित्यकार सविता को साहित्य अलंकरण प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम में नराकास क्रमांक-3 के सदस्य सचिव एवं उप निदेशक (राजभाषा) अनिल त्रिपाठी तथा बीएमएचआरसी के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक अनुराग यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ कवयित्री एवं साहित्यकार सविता भार्गव को ‘साहित्य-श्री’ सम्मान प्रदान किया जाना रहा। बीएमएचआरसी द्वारा पिछले चार वर्षों से हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों को ‘साहित्य-श्री’ अलंकरण प्रदान किया जा रहा है।
सविता भार्गव वर्तमान में महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर स्वशासी शासकीय महाविद्यालय, भोपाल के हिंदी विभाग में प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य में डी.लिट् की उपाधि प्राप्त की है। उनके तीन कविता संग्रह—‘किसका है आसमान’, ‘अपने आकाश में’ और ‘थमी हुई बारिश में दोपहर’ प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उनका उपन्यास ‘जहाज़ पाँच पाल वाला’ तथा आलोचना की पुस्तकें ‘कवियों के कवि शमशेर’ और ‘कविता की लोकतांत्रिक दिशाएँ’ भी प्रकाशित हैं।
इस अवसर पर सविता भार्गव ने अपने विचार व्यक्त किए तथा अपनी कविता का पाठ भी किया। उन्होंने हिंदी के साहित्यिक और सामाजिक सरोकारों पर विचार साझा किए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि अनिल त्रिपाठी ने राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन, कार्यालयीन हिंदी और अनुवाद के महत्व पर अपने विचार रखे।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा संबंधी प्रावधानों के अनुपालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। हिंदी पखवाड़े के दौरान कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिंदी पत्र लेखन, प्रशासनिक शब्दावली एवं कार्यालयीन वाक्यांश अनुवाद, सरल वाक्य लेखन तथा श्रुतलेख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में हिंदी पखवाड़ा आयोजन समिति की ओर से आभार व्यक्त किया गया। समारोह में बीएमएचआरसी के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एमएचआरस #पखव #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #आईस