आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि ED ने उन्हें पशु तस्करी मामले में 13 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। अभिषेक ने जांच एजेंसी पर आरोप लगाया कि जान-बूझकर उन्हें 13 को बुलाया गया है।

इसी दिन दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल अलायंस (I.N.D.I.A.) की कोऑर्डिनेशन/स्ट्रैटजी कमेटी की पहली बैठक है। बनर्जी भी इस पैनल के मेंबर हैं। TMC सांसद ने कहा कि NCP सुप्रीमो शरद पवार के घर पर होने वाली इस मीटिंग में गठबंधन की रणनीतियों और अगले कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जाएगी।

अभिषेक ने एक पोस्ट में लिखा- I.N.D.I.A. कोऑर्डिनेशन कमेटी की पहली बैठक 13 सितंबर को दिल्ली में है, उसमें मैं भी सदस्य हूं। लेकिन, ED के डायरेक्टर ने मुझे उसी दिन उनके सामने पेश होने के लिए आसानी से नोटिस दे दिया। कोई भी 56-इंच छाती वाले मॉडल की समयबद्धता और शून्यता पर हैरान हुए बिना नहीं रह सकता।

BJP बोली- आरोपी हैं, स्पेशल ट्रीटमेंट की उम्मीद न करें

कोलकाता में डायमंड हार्बर से TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के आरोप पर रिएक्शन देते हुए BJP के सीनियर नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा- ‘अभिषेक पशु तस्करी मामले में आरोपी हैं, इसके नाते अभिषेक को सेंट्रल एजेंसी से किसी विशेष व्यवहार की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

14 सदस्यीय कमेटी में 1 CM, एक डिप्टी CM, दो पूर्व मुख्यमंत्री

विपक्षी गठबंधन की मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को मीटिंग की थी। इसमें 5 कमेटियों की घोषणा की गई थी। अभिषेक बनर्जी को सबसे महत्वपूर्ण स्ट्रैटजी कमेटी का मेंबर बनाया गया है। इस

कमेटी में 1 CM, 1 डिप्टी CM, दो पूर्व मुख्यमंत्री, 5 राज्यसभा और 2 लोकसभा सांसदों को जगह दी गई है।

इसके अलावा लेफ्ट से दो नेताओं को कमेटी में शामिल किया गया है। कमेटी में झारखंड के CM हेमंत सोरेन (JMM), बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव (RJD)। जम्मू-कश्मीर से दो पूर्व मुख्यमंत्री- उमर अब्दुल्ला (NC) और महबूबा मुफ्ती (PDP) हैं।

पांच राज्यसभा सांसद हैं- केसी वेणुगोपाल (कांग्रेस), संजय राउत (शिवसेना UBT), शरद पवार (NCP), राघव चड्ढा (AAP) और जावेद अली खान (SP)। लोकसभा के दो सांसद- ललन सिंह (JDU), अभिषेक बनर्जी (TMC)। डी राजा (CPI) और एक सदस्य CPI (M) से शामिल किया गया है। CPI (M) के सदस्य के नाम की घोषणा नहीं की गई है।

दिल्ली में कैंपेन कमेटी की बैठक हुई, संसद के विशेष सत्र की रणनीति बनाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में मंगलवार (5 सितंबर) को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के कैंपेन कमेटी की पहली बैठक हुई। इसमें मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कैंपेन की तैयारी पर चर्चा हुई। दिल्ली के मिलाप बिल्डिंग में हो रही इस बैठक में संसद के विशेष सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जा गई।