आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया में बुधवार को दो गुटों के बीच फायरिंग में चार लोगों की मौत हो गई। मामला जिले के रेड़ा गांव का है। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। गोलीबारी की घटना में 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला अस्पताल पहुंचे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

आजम खान के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड; रामपुर, सहारनपुर समेत 6 शहरों में टीमें मौजूद

सपा के दिग्गज नेता आजम खान के ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। बुधवार सुबह आयकर विभाग के अफसरों ने अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेज खंगालने के लिए रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर, लखनऊ में छापा मारा है। सपा के पूर्व विधायक और आज़म खान के करीबी नसीर खान के घर पर भी आयकर विभाग का छापा चल रहा है। यहां घर के बाहर अर्द्धसैन्य बल तैनात है।

उधर बिहार के भोजपुर में JDU MLC राधाचरण साह के ठिकानों पर ED ने छापा मारा है। एक सप्ताह पहले ED ने MLC और उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद को समन भेजा था।

बिहार में मिड-डे मील खाने के बाद 50 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती, खाने में पड़ा था गिरगिट

बिहार में मिड-डे मील खाने के बाद सरकारी स्कूल के 50 छात्र बीमार पड़ गए। अधिकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी जिले के डुमरा ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में 12 सितंबर को कथित तौर पर मिड डे मील खाने के बाद लगभग 50 स्कूली बच्चों ने पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत की। बच्चों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सभी बच्चों की हालत स्थिर है। सदर अस्पताल की डॉ. सुधा झा ने कहा, बच्चों ने शिकायत की है कि मिड-डे मील में गिरगिट मिला है। उन्होंने वही खाना खाया था।

नगालैंड विधानसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड के खिलाफ सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

नगालैंड विधानसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) से राज्य को छूट दिए जाने का आग्रह करने वाला प्रस्ताव मंगलवार को सर्वसम्मति से पारित हो गया। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सदन में UCC के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया था।

नगालैंड सीएम ने सदन में कहा- UCC का उद्देश्य शादी और तलाक, कस्टडी और गार्जियनशिप, गोद लेने और रखरखाव, उत्तराधिकार और विरासत जैसे व्यक्तिगत मामलों पर एक ही कानून बनाना है। नगालैंड सरकार और नागा लोगों का मानना है कि UCC राज्य के प्रथागत कानूनों, सामाजिक और धार्मिक प्रथाओं के लिए खतरा पैदा करेगा।

तमिलनाडु में ED की रेड लगातार दूसरे दिन जारी, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में साले-बहनोई से जुड़े ठिकानों पर तलाशी तमिलनाडु में सैंड माफिआयों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन जारी है। बुधवार सुबह से उद्योगपति रत्नम और गोविंदम से जुड़े कई ठिकानों पर ED की टीम रेड कर रही है। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई हैं। इससे पहले मंगलवार को ED ने रेत खनन में मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में राज्य भर में करीब 30 ठिकानों पर रेड की थी।