आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को मणिपुर हिंसा को लेकर फिर एक बार सुनवाई हुई। CJI डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली 3 जजों की बेंच ने गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को निर्देश जारी किया है।

बेंच ने हाईकोर्ट से कहा- मणिपुर हिंसा से जुड़े जिन मामलों की जांच CBI कर रही है उनके ट्रायल के लिए एक या एक से ज्यादा स्पेशल जज को नियुक्त करें। कोर्ट ने यह भी कहा है कि सुरक्षा को देखते हुए आरोपियों की पेशी, रिमांड ऑनलाइन होगी।

इसके अलावा 164 के तहत गवाहों और पीड़ितों के बयान भी लोकल मजिस्ट्रेट के सामने मणिपुर में दर्ज होंगे। साथ ही जब भी आरोपी को न्यायिक हिरासत दी जाएगी, वह मणिपुर में दी जाएगी। CJI चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के सुझावों को मानते हुए यह आदेश जारी किए।

पीड़ितों के वकील ने किया था केस ट्रांसफर का विरोध

पीड़ितों के कॉलिन गोंसाल्वेस, चंदर उदय सिंह, इंदिरा जयसिंह और वृंदा ग्रोवर ने मामलों को असम ट्रांसफर करने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। गोंसाल्वेस ने कहा कि मुकदमे उन जगहों पर होने चाहिए जहां अपराध हुए थे। पीड़ितों को असम जाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता है। इंदिरा जयसिंह ने कहा कि यह सॉलिसिटर जनरल के पहले दिए गए आश्वासन के खिलाफ है।

सुरक्षा बलों ने बरामद किया गोलाबारूद

सुरक्षा बलों ने गुरुवार 24 अगस्त को मणिपुर में कई जगह तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इंफाल ईस्ट और वेस्ट के जिलों से चार बंदूकें, 38 कारतूस और 8 बम बरामद किए। मणिपुर पुलिस कंट्रोल रूम से जारी बयान के मुताबिक इंफाल ईस्ट-वेस्ट के अलावा काकचिंग, कांगपोकपी और थौबल जिलों के संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया था।

मुख्यमंत्री बीरेन बोले- मणिपुर के हालात के लिए कांग्रेस जिम्मेदार

मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने भी गुरुवार को मीडिया से राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर वे लद्दाख में हैं तो वे लद्दाख के बारे में बोलें, मणिपुर के बारे में नहीं।CM ने कहा- वहां रहते हुए उन्होंने मणिपुर के बारे में क्यों सोचा? आज मणिपुर में जो हो रहा है वह सब कांग्रेस का किया हुआ है। मानव जीवन पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।

CM बोले- PM और गृहमंत्री को सुनने के बाद मणिपुर में शांति है

राज्य में शांति बहाल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रयासों के बारे में भी बताया। उन्होंने दावा किया कि हम हर समय उनकी सलाह लेते हैं। संसद में दोनों के बयान सुनने के बाद मणिपुर में शांति है।