आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मणिपुर की राजधानी इंफाल में 3 मई से मैतेई और कुकी समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो रही है। इस बीच भीड़ ने तीन लोगों को जिंदा जला दिया। इसमें मां-बेटे भी शामिल हैं। तीनों इलाज कराने के लिए एंबुलेंस से जा रहे थे।

रास्ते में करीब 2000 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया और गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, आग लगने के बाद राख से सिर्फ हड्डियां मिलीं।

घटना रविवार की है, इसकी पूरी डिटेल दो दिन बाद सामने आई। मृतकों की पहचान 7 साल के टॉन्सिंग हैंगिंग, उनकी मां मीना हैंगिंग और उनकी रिश्तेदार लिडिया लौरेम्बम के रूप में की गई है।

राहत शिविर में होती रहती है फायरिंग

तीनों पीड़ितों ने 3 मई से इंफाल से लगभग 15 किमी पश्चिम में कांगचुप में असम राइफल्स कैंप में शरण ले रखी थी। अधिकारी के मुताबिक, कई कुकी परिवार असम राइफल्स के शिविर में रह रहे हैं।

यहां कभी-कभार बाहर से फायरिंग होती है। मैतेई समुदाय के लोग उन इलाकों को निशाना बनाते हैं, जहां कुकी रह रहे हैं। रविवार को ऐसे ही एक हमले में बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए थे।

असम राइफल्स के जवान नहीं थे साथ में

इसके बाद कैंप के अधिकारियों ने इंफाल पश्चिम के SP इबोम्चा सिंह से संपर्क किया और उनसे पीड़ितों को इंफाल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कराने की बात कही।

शाम 5:16 मिनट पर SP की निगरानी में मरीजों और एक नर्स को लेकर एंबुलेंस कैंप से रवाना हुई। असम राइफल्स से कोई भी उनके साथ नहीं गया था।

SP के सामने एंबुलेंस में आग लगा दी गई

एंबुलेंस अभी आधे रास्ते ही पहुंची थी, कि हिंसक भीड़ ने गाड़ी को आगे के हवाले कर दिया। असम राइफल्स के सूत्रों ने कहा कि उन्हें रविवार शाम बाद में पता चला कि SP के सामने एंबुलेंस में आग लगा दी गई थी और तीन लोगों की मौत हो गई थी। चालक व नर्स मौके से फरार हो गए।

RAF के एक सूत्र ने कहा, यह घटना हैरान करने वाली है। यहां की स्थिति से निपटने के लिए इंफाल में तैनात होने के बाद से हमने कभी भी एंबुलेंस पर किसी तरह का हमला नहीं देखा।

राख में केवल कुछ हड्डियाँ ही मिलीं

इस अग्निकांड में जिस मां की मौत हुई है, वह मेइती समुदाय की है जिनकी शादी एक कुकी से हुई थी। मृतकों के एक रिश्तेदार पाओलेनलाल हैंगिंग ने कहा, हम 3 मई से मेइती समुदाय से अत्याचारों का सामना कर रहे हैं।