आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह अज्ञात लोगों ने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक हमला कांगगुई इलाके में इरेंग और करम वैफेई गांवों के बीच हुआ। जब सुबह करीब 8.20 बजे अज्ञात लोगों ने ग्रामीणों पर गोलियां चलाईं।

इससे पहले 8 सितंबर को टेंग्नौपाल के पल्लेल में भड़की हिंसा में भी तीन लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हो गए थे।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

TMC सांसद नुसरत जहां ED ऑफिस पहुंचीं, फ्लैट ब्रिकी में सीनियर सिटिजन्स से धोखाधड़ी का मामला

तृणमूल कांग्रेस की सांसद और अभिनेत्री नुसरत जहां मंगलवार की सुबह 11 बजे ED के ऑफिस पहुंचीं। जांच एजेंसी ने फ्लैट बिक्री में सीनियर सिटिजन्स से करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में उन्हें तलब किया था।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, रियल एस्टेट की एक कंपनी ने कोलकाता के न्यू टाउन में कम कीमतों में फ्लैट देने के नाम पर सीनियर सिटिजन्स से पैसे ले लिए, लेकिन खरीददारों को फ्लैट नहीं दिया। नुसरत जहां कंपनी की पूर्व निदेशक रह चुकी हैं।

जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में लैंडस्लाइड के चलते ट्रक खाई में गिरा, चार की मौत

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बनिहाल में एक ट्रक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक में सवार चार लोगों की मौत हो गई। ट्रक जम्मू की तरफ जा रहा था, जब बगल की पहाड़ी से एक बड़ी चट्‌टान उस पर गिरी। ड्राइवर ट्रक को नियंत्रित नहीं कर पाया और ट्रक खाई में गिर गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों डेड बॉडीज को निकाला। लगातार लैंडस्लाइड के चलते हाइवे पर ट्रैफिक जाम हो गया।

मणिपुर के उखरूल में आया 5.1 तीव्रता का भूकंप, 20 किमी की गहराई में था केंद्र

मणिपुर के उखरूल जिले में सोमवार रात 11 बजे 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 20 किमी की गहराई में था।

हैदराबाद में जूनियर्स की रैंगिंग करने वाले 10 MBBS छात्र सस्पेंड

हैदराबाद के गांधी मेडिकल कॉलेज में जूनियर्स की रैंगिंग करने के आरोप में 10 MBBS छात्रों को एक साल के लिए सस्पेंड किया गया है। कॉलेज की एंटी-रैंगिंग कमेटी को जांच में पता चला कि ये स्टूडेंट्स कई दिनों से जूनियर्स की रैंगिंग कर रहे थे। इसके बाद इन्हें सस्पेंड करने का फैसला सुनाया गया। इन्हें हॉस्टल से भी बाहर कर दिया गया है।