सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: भोपाल में झुग्गी बस्ती भदभदा पर बुलडोजर एक्शन के खिलाफ मानवाधिकार आयोग ने नोटिस देने की बात कही है। शुक्रवार को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आयोग में शिकायत की। उन्होंने बताया कि आयोग ने संज्ञान लेकर तुरंत नोटिस देने की बात कही है।
शर्मा ने कहा, ’10वीं – 12वीं की परीक्षा चल रही है। इस बीच घरों पर बुलडोजर चला दिया। लोगों की कनपटी पर बंदूक रखकर घर खाली करने के लिए सहमति ली जा रही है।’
भोपाल में होटल ताज के सामने भदभदा बस्ती पर बुलडोजर चल रहा है। दो दिन में 139 घर हटा दिए गए हैं। आज तीसरे दिन शुक्रवार को 129 घर और गिराए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि लोगों से सहमति लेकर उनके घरों को गिराया जा रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 386 घरों को हटाने के आदेश दिए थे।
कोई हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस ने बस्ती से 1 किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक रखा है। पुलिस के 500 जवान तैनात हैं। घरों को तोड़ने के लिए 10 JCB लगाई गई हैं। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कार्रवाई अगले दो दिन और चलेगी।