सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: यदि आप अयोध्या में राम लला के दर्शन करने जा रहे हैं, तो आपको मंदिर के 2Km दायरे में 25 से 30 ऐसे स्टॉल नजर आएंगे, जिनमें DRS सेंटर लिखा होगा। डीआरएस यानी, ‘डिपोजिट रिफंड सिस्टम’। इन सेंटरों पर प्लास्टिक की बोतल, चिप्स और टेट्रा के खाली पैकेट पर लगे QR कोड को मोबाइल पर स्कैन करेंगे, तो आपको बदले में 5 रुपए मिलेंगे। ये इनोवेशन करने वाला भोपाल का स्क्रैप बेस्ड स्टार्टअप ‘द कबाड़ीवाला’ है।
22 जनवरी को राम मंदिर में राम लला विराजे हैं। इसी दिन से ‘द कबाड़ीवाला’ ने स्टॉल पर खाली बोतल, चिप्स और टेट्रा के खाली पैकेट लेने शुरू कर दिए। एक महीने में 10 हजार से अधिक बोतल और इतने ही चिप्स-टेट्रा पैकेट लिए जा चुके हैं। हर बॉटल-पैकेट के बदले 5 रुपए दिए गए।
ऐसे आया आइडिया
‘द कबाड़ीवाला’ के को-फाउंडर अनुराग असाटी ने बताया कि पानी की बॉटल और चिप्स के पैकेट खरीदने के बाद लोग उसे फेंक देते हैं। यह पर्यावरण और स्वच्छता दोनों के लिहाज से ठीक नहीं है। इस समस्या को समझते हुए आइडिया आया कि क्यों न डिपॉजिट ले लें। मंथन के बाद शुरुआत अयोध्या में श्रीराम मंदिर से ही कर दी। बकायदा अयोध्या नगर निगम और उत्तरप्रदेश सरकार से मदद ली।
अनुराग का कहना है कि अयोध्या में एक महीने पहले ही रामलला मंदिर में विराजे हैं। यहां हर रोज देश-दुनिया से लाखों लोग आ रहे हैं। स्वच्छता की दिशा में अच्छा मैसेज जाना चाहिए, इसलिए यहां पर इनोवेशन किया गया है। भविष्य में उज्जैन महाकाल मंदिर के आसपास के एरिये में भी इसे लागू करेंगे।