आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपी सिंगर समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र से 12वें दिन पकड़ा है। आकांक्षा की मां ने समर सिंह पर बेटी के साथ रिलेशनशिप में धोखा देने का आरोप लगाया था। आकांक्षा ने 26 मार्च को होटल में सुसाइड कर लिया था।
आरोपी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ NBW जारी हुआ था। उसके खिलाफ कुर्की की तैयारी चल रही थी। इससे पहले लुकआउट नोटिस भी जारी हुआ था। पुलिस को आशंका थी कि दोनों विदेश भाग सकते हैं। हालांकि अभी संजय तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। वह फरार है।
गिरफ्तारी के बाद वाराणसी पुलिस ने समर सिंह को गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में पेश किया। इसी के साथ वाराणसी पुलिस ने हाथोंहाथ ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल कर दी। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड को मंजूरी दे दी है। वाराणसी पुलिस अब समर सिंह को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वाराणसी के लिए निकली है।