आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार को BSF ने एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। BSF पंजाब फ्रंटियर ने बताया कि आज सुबह बॉर्डर से लगे लखाना गांव में ड्रोन के घुसने की जानकारी मिली थी। उसके बाद उसे मार गिराया गया। अभी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ताकि यह पता चल सके कि इसका इस्तेमाल किस चीज के लिए गया था।

जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार रात करीब 8 बजे चाकन दा बाग इलाके के गुलपुर सेक्टर में संदिग्ध हलचल दिखने पर सेना के जवानों ने ओपन फायरिंग की। शनिवार सुबह पुंछ सेक्टर में सेना ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय सेना के जवानों ने इलाके को घेर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ गुलपुर सेक्टर के फॉरवर्ड रेंजर नाला इलाके में हुई, जब भारतीय सैनिकों ने घने पत्तों और अंधेरे की आड़ में कम से कम तीन आतंकवादियों को हथियारों के साथ भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करते देखा। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक सैनिक घायल हो गया।

आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर पास के घने जंगल में भागने में सफल रहे। एक दिन पहले ही माछिल सेक्टर में सेना ने 4 घुसपैठियों को मार गिराया था। ये सभी LoC पार करने की कोशिश कर रहे थे।

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर होने वाली बैठक में शरद पवार नहीं जाएंगे

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर 24 जून को होने वाली बैठक में NCP चीफ शरद पवार शामिल नहीं होंगे। उन्होंने पार्टी की ओर से बैठक में भाग लेने के लिए दो नेताओं के नाम दिए हैं।

बता दें कि मणिपुर में 3 मई के बाद से हिंसा जारी है। हालातों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

गुजरात के जामनगर में शुक्रवार शाम को एक बिल्डिंग गिर गई। साधना कॉलोनी में हुए हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई वहीं 5 लोग घायल हो गए। जामनगर के नगर आयुक्त डीएन मोदी ने बताया कि गुजरात हाउसिंग बोर्ड ने बिल्डिंग को पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया था। यहां रहने वाले लोगों की भी चेतावनी दी गई थी। मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।