आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के दिग्गज शेयर निवेशक राकेश झुनझुनवाला को निधन के 10 महीने बाद दुनिया का दूसरा सबसे सफल निवेशक बताया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 37 साल के करिअर में उन्होंने सालाना औसतन 65% रिटर्न के साथ अपनी संपत्ति करीब 50 हजार करोड़ तक पहुंचा दी। झुनझुनवाला ने 1985 में सिर्फ 5,000 रुपए से निवेश शुरू किया था। झुनझुनवाला निधन पिछले साल 14 अगस्त 2022 को कार्डियक अरेस्ट से हुआ था।

टॉप पर अमेरिका की कंपनी जिम सिमंस

रिपोर्ट में विश्लेषकों ने कहा है कि 1985 से लेकर 14 अगस्त 2022 को अपने निधन तक झुनझुनवाला ने जो औसत रिटर्न हासिल किया वो सिर्फ जिम सिमंस से कम है। अमेरिकी कैपिटल मार्केट कंपनी रेनेसां टेक्नोलॉजीज के सिमंस 1988 से लेकर 2018 के बीच सालाना औसतन 66% रिटर्न के साथ दुनिया के सबसे सफल निवेशक बताए जाते हैं। झुनझुनवाला का रिटर्न इनसे सिर्फ 1% कम है। इसके मुकाबले दुनियाभर के अन्य दिग्गज निवेशकों जॉर्ज सोरोस, स्टेनली ड्रुकेंमिलर और वॉरेन बफे का सालाना रिटर्न सिर्फ 20% है।

झुनझुनवाला ने छोटी सी टीम से बनाया बड़ा मुनाफा

रिपोर्ट में विश्लेषकों ने कहा है कि 60-65% छोड़िए, लंबे समय तक सालाना 30% औसत रिटर्न पाने वाले निवेशक भी शायद ही मिलेंगे। रिसर्च एनालिस्ट ने आंका है कि झुनझुनवाला की सफलता सिमंस के मुकाबले बड़ी है, क्योंकि 66% रिटर्न हासिल करने के लिए सिमंस ने अलग-अलग सब्जेक्ट में सैकड़ों PhD प्रोफेशनल्स को काम पर लगाया था। उनका काम भारी उतार-चढ़ाव वाले शेयरों और तुलनात्मक रूप से स्थिर शेयरों के पैटर्न का अध्ययन करना था। झुनझुनवाला ने ऐसा कुछ नहीं किया था। उनकी छोटी सी टीम थी।

रॉबर्ट विल्सन ने भी कमाया 30% रिटर्न

झुनझुनवाला की तरह ही एक अन्य निवेशक रॉबर्ट विल्सन ने अपने दम पर शेयर बाजार में निवेश से जोरदार कमाई थी। 1958 में उन्होंने अपनी मां से 15,000 डॉलर (अभी के हिसाब से करीब 12.40 लाख रुपए) लेकर निवेश शुरू किया था। साल 2000 तक उनकी संपत्ति बढ़कर 80 करोड़ डॉलर (अभी के हिसाब से करीब 6,600 करोड़ रुपए) हो गई थी। उन्होंने सालाना औसतन 30% रिटर्न हासिल किया था।

झुनझुनवाला के पास थे 32 कंपनियों शेयर

​​​​​​​एक्सचेंजों पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार जून FY23 क्वार्टर में राकेश झुनझुनवाला के पास 32 कंपनियों शेयर थे। इन 32 कंपनियों में अनंत राज, टाटा मोटर्स, टाइटन, फेडरल बैंक, नजारा, स्टार हेल्थ जैसी कंपनियां शामिल थीं।

झुनझुनवाला की सफलता का राज: मुनाफे वाले शेयर नहीं बेचे, निवेश बढ़ाया

रिपोर्ट में कहा गया है कि असल में झुनझुनवाला ने कम्पाउंडिंग की ताकत अच्छी तरह समझ ली थी। उदाहरण के लिए उन्होंने टाइटन कंपनी का शेयर 2003 से तब खरीदना शुरू किया था, जब उसकी कीमत सिर्फ 3.87 रुपए थी। 12 अगस्त 2022 को इस शेयर की कीमत 2,472 रुपए तक पहुंच गई थी। 14 अगस्त को निधन तक झुनझुनवाला ने ये शेयर न सिर्फ होल्ड किया, बल्कि साल दर साल इसमें निवेश बढ़ाते गए।