आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने 2 सितंबर को चेन्नई में एक कार्यक्रम में सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी। चार दिन बाद भी वह अपने बयान पर कायम हैं।
चेन्नई में मीडिया से बातचीत में उदयनिधि ने कहा – वह हिंदू धर्म के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि जातिगत भेदभाव जैसी सनातन प्रथाओं के खिलाफ हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संसद के इनऑगरेशन पर इनवाइट नहीं करना इसका ताजा उदाहरण है।
उधर स्टालिन के बयान पर दिल्ली के बाद अब UP में भी FIR दर्ज हो गई है। वहीं बुधवार को कर्नाटक BJP नेता नागराज नायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वहीं अब कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को हिंदू धर्म की उत्पत्ति पर सवाल खड़े कर दिए। परमेश्वर ने कहा, ‘हिंदू धर्म का जन्म कब हुआ, इसे किसने बनाया? इसके बारे में किसको पता है।;
जी परमेश्वर बोले – इस्लाम बाहर से आया, लेकिन हिंदू धर्म किसने बनाया
जी परमेश्वर ने आगे कहा – दुनिया के इतिहास में कई धर्म पैदा हुए हैं। जैन और बौद्ध धर्म का जन्म यहीं हुआ। इस्लाम और ईसाई धर्म बाहर से हमारे देश में आए। हिंदू धर्म का जन्म कब हुआ और इसकी शुरुआत किसने की, यह अब भी एक सवाल है। परमेश्वर मंगलवार को कोराटागेरे के मारुति कल्याण मंडपम में शिक्षक दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
BJP बोली – परमेश्वर को हिंदू धर्म पसंद नहीं तो छोड़ दें, किसने रोका
जी परमेश्वर के बयान पर BJP ने भी पलटवार किया है। कर्नाटक के भाजपा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने कहा, अगर उन्हें (परमेश्वर) हिंदू धर्म पसंद नहीं तो उसे छोड़ दें। कोई दूसरा धर्म अपनाएं, किसने रोका है, लेकिन उन्हें हमारे धर्म का अपमान नहीं करना चाहिए। अगर हिम्मत है तो किसी दूसरे धर्म के बारे में बोलकर देखें।
माफी मांगने के सवाल पर उदयनिधि ने चुप्पी साधी
उधर उदयनिधि सनातन के खिलाफ दिए अपने बयान पर माफी मांगने वाले के सवाल पर चुप्पी साध रहे हैं। स्टालिन ने कहा – ‘2 सितंबर को मैंने एक समारोह में इसके (सनातन धर्म) बारे में बात की थी। मैंने जो भी कहा, वही बात बार-बार दोहराऊंगा। मैंने सिर्फ हिंदुओं को नहीं, बल्कि सभी धर्मों को इसमें शामिल किया। मैंने जातिगत मतभेदों की निंदा की है।’
उदयनिधि के बयान के खिलाफ दो FIR, कोर्ट में याचिका
उदयनिधि के सनातन खत्म करने वाले बयान पर बिहार के मुजफ्फरपुर में कोर्ट में याचिका दायर की गई है। ये याचिका सुधीर कुमार ओझा ने चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के कोर्ट में फाइल की है। इस पर 14 सितंबर को सुनवाई होगी। इससे पहले उदयनिधि के खिलाफ एक वकील ने दिल्ली पुलिस में FIR दर्ज कराई थी। वहीं UP के रामपुर में वकीलों ने स्टालिन के खिलाफ केस दर्ज कराया है।