मैनपुरी की नई सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को संसद भवन पहुंचकर सांसद के तौर पर शपथ ली. उन्होंने मैनपुरी में हुए लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रघुराज शाक्य को 2,88,461 वोटों से हराया था. संसद सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण करने आईं डिंपल यादव के साथ उनके पति और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आए थे.

मैनपुरी लोकसभा का उपचुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिम्पल यादव ने संसद सदस्य के तौर पर शपथ ली. वे अपने पति और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ दिल्ली में स्थित संसद भवन पहुंचीं थीं. सदन की शपथ लेने के बाद डिंपल ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया.

मैनपुरी उपचुनाव में डिम्पल ने बीजेपी के रघुराज शाक्य को 2,88,461 वोटों से हराया था. मैनपुरी सीट के लिए लगाया गया बीजेपी का सारा सियासी गणित फेल हो गया था. अपनी जीत के बाद डिम्पल ने कहा था, ‘मैनपुरी की जनता और उन तमाम लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने हमें समर्थन दिया है. मैनपुरी की जनता ने इतिहास रचा है.

यह जीत नेताजी की जीत है और हमारी यह जीत नेताजी को श्रद्धांजलि के तौर पर उन्हें समर्पित है.’

डिम्पल यादव की जीत के बाद एक बड़ा घटनाक्रम और हुआ था. अखिलेश यादव के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव ने अपनी पार्टी का सपा में विलय कर दिया था. सैफई में अखिलेश ने चाचा शिवपाल यादव से मुलाकात की थी और एसपी चीफ ने उन्हें पार्टी का झंडा थमा दिया था. इस मौके पर सपा और प्रसपा के सैकड़ों समर्थकों ने खूब तालियां बजाईं थीं.