आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को टेरर फंडिंग और पाकिस्तान की आतंकी साजिश के मामले को लेकर जम्मू कश्मीर के 7 जिलों में छापेमारी की। इन जिलों में कुल 15 जगहों- अनंतनाग के चार, शोपियां के तीन, बडगाम, श्रीनगर और पुंछ में दो-दो और बारामूला और राजौरी जिलों में एक-एक पर तलाशी ली गई है। NIA ने यह रेड 5 मई को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के पांच जवानों के शहीद होने के कुछ दिनों बाद की है।
NIA ने आतंकी साजिश को लेकर पिछले साल 21 जून को छापेमारी के बाद खुद ही मामला दर्ज किया था। मंगलवार को लश्कर ए- तैयबा, जैश ए मोहम्मद, रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF), यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट जम्मू एंड कश्मीर(UL J&K), मुजाहिदीन गजवत-उल-हिंद (MGH), जम्मू और कश्मीर फ्रीडम फाइटर (JKFF), कश्मीर टाइगर्स और पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट (PAAF) जैसे आतंकवादी संगठनों के सहयोगी और इनकी शाखाओं से जुड़े कैडरों और हाइब्रिड ओवरग्राउंड वर्कर्स के ठिकानें पर तलाशी ली गई है।
बम, IED और छोटे हथियारों को इकट्ठा करते थे ओवरग्राउंड वर्कर्स
NIA की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आतंकवादी शाखाओं से जुड़े कैडरों और हाइब्रिड ओवरग्राउंड वर्कर्स पाकिस्तानी कमांडरों और हैंडलर्स के इशारे पर स्टिकी बम, IED, नकदी, नशे का सामान और छोटे हथियारों को इकट्ठा करने और बांटने का काम करते थे। सीमा पार से ड्रोन के सहारे इन्हें यह सामान दिया जाता था।
साल 2022 में आतंकी साजिश को लेकर 2 बार की गई थी छापेमारी
NIA ने आतंकवादी साजिश से जुड़े मामले में 2022 में पहले 2 मई को देर शाम तक जम्मू-कश्मीर में 12 जगहों पर छापेमारी की थी। जिसमें पुलवामा जिले में आठ, कुलगाम, अनंतनाग और बडगाम जिले में एक-एक और जम्मू में एक जगह पर तलाशी ली गई थी।
इसके बाद 24 जून को 14 जगहों पर रेड की गई थी। उस वक्त श्रीनगर, बारामूला, पुलवामा, अनंतनाग, बडगाम और कठुआ जिलों में ली गई तलाशी में डिजीटल डिवाइस बरामद हुए थे।
NIA ने तमिलनाडु के मदुरै, त्रिची, डिंडीगुल और चेन्नई समेत 6 जगहों पर भी रेड की। यह छापेमारी प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के ठिकानों पर की गई। पुलिस के मुताबिक, इस रेड में जांच एजेंसी ने PFI के मदुरै अध्यक्ष मोहम्मद कैसर को डिंडीगुल के पझानी से हिरासत में लिया है।