आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में बुधवार सुबह LoC के पास सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
मुठभेड़ के बाद BSF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जॉइंट सर्च ऑपरेशन चलाया। आतंकियों के पास से 4 एके राइफल और 6 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय लोगों को गोली मार दी थी। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों घायल महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और एक ज्वेलरी शॉप पर काम करते हैं। घायलों की पहचान अक्षय और सौरव के रूप में हुई है।
इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के मुखपत्र कश्मीर फाइट ने ली है।
13 जुलाई को बिहार के 3 मजदूरों को मारी गई थी गोली
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में 13 जुलाई को बिहार के रहने वाले तीन प्रवासी मजदूरों को गोली मार दी थी। घायलों की पहचान अनमोल कुमार, हीरालाल यादव और पिंटू कुमार ठाकुर के रूप में हुई थी।
इससे पहले 29 मई को अनंतनाग जिले में दूध खरीदने गए एक गैर-मुस्लिम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने ली थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान जम्मू क्षेत्र के उधमपुर जिले के दीपू के रूप में हुई है, जो एक सर्कस में काम कर रहा था।
फरवरी में हुई थी कश्मीरी पंडित की हत्या
26 फरवरी को पुलवामा जिले के अचेन इलाके में कश्मीरी पंडित संजय शर्मा की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्या की जिम्मेदारी आतंकी संगठन TRF ने ली थी। संजय एक बैंक में सिक्योरिटी गार्ड थे।
इस मामले में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने मंगलवार को साउथ कश्मीर के 3 जिलों में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। अनंतनाग में 5, शोपियां में 4 और कुलगाम में 1 ठिकाने पर छापेमारी की गई।
एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर में चार आतंकवादी ढेर किए
जम्मू-कश्मीर के पुंछ के सिंधरा इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया। ऑपरेशन में मारे गए सभी आतंकवादी विदेशी हैं। 17 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे शुरू हुई मुठभेड़ 18 जुलाई सुबह तक चली। भारतीय सेना के विशेष बल, राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान इस ऑपरेशन का हिस्सा थे।
मंगलवार को ही सुरक्षाबलों ने बड़गाम जिले में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनसे आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ।
10 जुलाई: पुलिस ने 10 आतंकियों को गिरफ्तार किया
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 10 जुलाई को प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन JKLF और हुर्रियत को फिर से एक्टिव करने के लिए काम कर रहे 10 आतंकियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि ये आतंकी पाकिस्तान में बैठे अपने मालिकों के ऑर्डर पर मीटिंग कर रहे थे।