आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कोटा में 1400 करोड़ का रिवर फ्रंट बनकर तैयार हो चुका है और आज इसका उद्घाटन होने जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि ये रिवर फ्रंट अकेले 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगा। करीब साढ़े पांच किलोमीटर एरिया में फैले इस रिवर फ्रंट का एक हिस्सा यहां आने वाले टूरिस्ट पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की आंख से भी देख सकेंगे।

वसुधैव कुटुंबकम थीम पर तैयार हुए इस रिवर फ्रंट में 22 घाट है। इन सभी की अलग-अलग कहानी है। इस मॉडल को देखने के लिए पहली बार 25 देशों के राजदूत भी मौजूद रहेंगे।

अब यदि आपने भी रिवर फ्रंट देखने का मन बना लिया है तो पढ़िए यहां कैसे पहुंचा जा सकता है, कितने रुपए लगेंगे…।

पहले पढ़ें रिवर फ्रंट के साथ बनने वाले 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा…

चंबल माता की प्रतिमा: दावा है कि संगमरमर से बनी 242 फीट की मूर्ति विश्व में पहली है। इसमें कलश में से एक घंटे में 7 लाख लीटर पानी गिरेगा।

पंडित जवाहर लाल नेहरू का फेस मास्क: जवाहर घाट पर विश्व का सबसे बड़ा पंडित जवाहर लाल नेहरू का गनमेटल से बना मुखौटा लगाया गया है। फेस मास्क 12 मीटर ऊंचा और 3 मीटर चौड़ा है। नेहरू जी ने ही कोटा बैराज का लोकार्पण किया था। इस फेस मास्क से रिवर फ्रंट का पश्चिमी छोर देख सकेंगे।

नंदी घाट- यहां जोधपुर पत्थर से 1 हजार टन वजनी 20 फीट ऊंची नदी की प्रतिमा लगाई गई है। अधिकारियों का दावा है कि यह एक सिंगल पत्थर पर बनाई गई है। ये काफी दूर से ही नजर आ जाती है। ये प्रतिमा 15 फीट चौड़ी व 20 फीट ऊंची है।

ब्रह्मा घाट: यहां सबसे बड़ी घंटी बनाई गई है। इसे बनाने वाले इंजीनियर देवेंद्र आर्य ने 6 रिकॉर्ड बनने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि इसकी आवाज 8 किमी दूर तक सुनाई देगी। इस घंटे में अकेले पांच रिकॉर्ड- जॉइंट लेस चैन की कास्टिंग, नॉन फेरस की एक बार में कास्टिंग, सबसे बड़ा घंटा होने का रिकॉर्ड, एक जगह पर 35 भट्टियां मेटल कास्टिंग के लिए होना, 250 टन वजनी मोल्डिंग बॉक्स पहली बार उपयोग में लिया गया।

अब पढ़ें कितना समय लगेगा और कितने रुपए देने होंगे

ट्रेन और बस से आ रहे हैं तो कैसे पहुंचे रिवर फ्रंट

ट्रेन से आने वाले पर्यटक को कोटा स्टेशन पर उतरना होगा। कोटा रेलवे स्टेशन से करीब 3 किमी की दूरी तय करके नयापुरा बस स्टैंड पहुंचना होगा। स्टेशन से आप यहां सवारी ऑटो,मिनी बस,सिटी बस तक पहुंच सकते हैं। स्टेशन से नयापुरा बस स्टैंड के लिए प्रति व्यक्ति किराया करीब 10 रुपए है।

बस से आने जाने वाले पर्यटकों के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। नयापुरा बस स्टैंड पर उतरते ही पैदल की रिवर फ्रंट के एंट्री गेट तक पहुंच सकेंगे।

निजी वाहनों से आने वाले पर्यटक अपनी सहूलियत के अनुसार तीन जगहों से रिवर फ्रंट में एंट्री कर सकेंगे। पूर्वी घाट पर नयापुरा बस स्टैंड के पास से व कोटा बैराज के पास वोट के बालाजी मंदिर के पास एंट्री गेट बनाया है। पश्चिमी घाट पर कुन्हाड़ी स्थित थर्मल चौराहे के पास से एंट्री गेट बनाया है। यहां पार्किंग की भी व्यवस्था है।