आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कर्नाटक की जनता दल (सेक्युलर) ने भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया है। जेडीएस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जेडीएस भाजपा के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

इस साल मई में कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 135 सीटें जीतकर बहुमत से अपनी सरकार बनाई है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 66 और जेडीएस ने 19 सीटें जीती थी।

पूर्व कांग्रेस सांसद ज्योति मिर्धा बीजेपी में शामिल:लोकसभा चुनाव में नागौर से बीजेपी उम्मीदवार होने की संभावना

राजस्थान के नागौर से पूर्व कांग्रेस सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा बीजेपी में शामिल हो गई हैं। दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में ज्योति मिर्धा ने बीजेपी जॉइन की। ज्योति मिर्धा मारवाड़ के ताकतवर सियासी परिवार से संबंध रखती हैं।

कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे नाथूराम मिर्धा की पोती हैं। ज्योति के बीजेपी में शामिल होने से बीजेपी को नागौर सीट पर मजबूत उम्मीदवार मिल गया है। बीजेपी उन्हें नागौर लोकसभा सीट से चुनाव में उतार सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बारामूला से लश्कर के 3 आतंकी गिरफ्तार:नए आतंकियों की भर्ती करते थे; इनके पास चीनी ग्रेनेड और 30 जिंदा कारतूस मिले

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में तीन लोगों की गिरफ्तारी के साथ एक आतंकी भर्ती मॉड्यूल का खुलासा हुआ। सेना और पुलिस ने रविवार शाम क्रीरी इलाके के मुखबिर से मिली जानकारी पर कार्रवाई की।

सेना की 52 RR और पुलिस की जॉइंट टीमों ने चाय के टपरे में मोबाइल चेक प्वाइंट बनाया। जिसके बाद संदिग्ध घूम रहे तीन लोगों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से चीनी ग्रेनेड समेत तीन ग्रेनेड और एके-47 के 30 राउंड बरामद किए गए।

कोच्चि में एयर एशिया फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही 168 यात्रियों को लेकर वापस लौटी

कोचीन एयरपोर्ट पर एयर एशिया की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। कोच्चि-बेंगलुरु फ्लाइट में 168 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। कोचीन एयरपोर्ट से रविवार रात 11:15 बजे फ्लाइट ने टेकऑफ किया था। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद ही हाइड्रोलिक फेल्योर के कारण फ्लाइट को वापस कोच्चि लौटना पड़ा।

चेन्नई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे के नटरामपल्ली में सड़क दुर्घटना; वैन ने 7 महिलाओं को कुचला, 10 घायल

तिरुपत्तूर जिले में चेन्नई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे के नटरामपल्ली के पास एक वैन के लॉरी से टकरा जाने से 7 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। मरने वालों में सभी महिलाएं थीं। ये लोग वेल्लोर जिले के पेरनामबुट के पास ओनानकुट्टई गांव के रहने वाले थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गांव के 45 लोग 8 सितंबर को दो वैन में बेंगलुरु गए थे। सोमवार सुबह गांव लौटते समय एक वैन का टायर फट गया। जब ड्राइवर टायर बदल रहा था, तब ये लोग गाड़ी से उतरकर सड़क किनारे बैठ गए। तभी तेज रफ्तार लॉरी ने वैन को टक्कर मारी, जिसे वह सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए निकल गई।