आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश और तेलंगाना ATS की टीम ने मंगलवार सुबह भोपाल और छिंदवाड़ा में दबिश दी। दोनों जगह से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कट्‌टरपंथी इस्लामिक संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (HUT) से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। देशभर में HUT के कुल 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। भोपाल से 10, छिंदवाड़ा से 1, तेलंगाना से 5 सदस्यों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार लोगों में भोपाल गैस त्रासदी एक्टिविस्ट का रिश्तेदार भी शामिल है। इंजीनियर से लेकर टीचर भी इस संगठन से जुड़े हुए हैं।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, MP ATS ने पकड़े गए HUT सदस्यों के पास से आपत्तिजनक साहित्य भी बरामद हुआ है। इस संबंध में काफी समय से इनपुट मिल रहा था, इसके बाद यह कार्रवाई की गई। यह संगठन शरीयत कानून लागू कराने के लिए किसी भी हद तक जाने और हिंसा करने में विश्वास करता है।

10 सदस्यों की 19 मई तक रिमांड मंजूर

भोपाल से गिरफ्तार HUT के 10 सदस्यों को मध्यप्रदेश ATS ने कोर्ट में पेश किया। यहां ATS ने इन सभी की रिमांड मांगी। कोर्ट ने रिमांड मंजूर करते हुए 19 मई तक ATS को पूछताछ के लिए सौंपा है। छिंदवाड़ा और हैदराबाद से पकड़े गए आरोपियों को जल्द ही ATS अफसर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर भोपाल आएंगे। मध्यप्रदेश पुलिस से जुड़े अफसरों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पेशे से शिक्षक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, कोचिंग टीचर, ऑटो ड्राइवर, कम्प्यूटर टेक्नीशियन और मजदूर हैं।

रशीदा बी का परिजन भी हिरासत में

 

हिरासत में लिए गए संदिग्धों में भोपाल गैस पीड़ितों के लिए काम करने वाले संगठन चिंगारी की संस्थापक रशीदा बी का परिजन वसीम भी शामिल है। रशीदा बी ने कहा, ‘वसीम इनोसेंट है। उसने कुछ नहीं किया। पुलिस को घर में कुछ नहीं मिला। न लैपटॉप मिला, न मोबाइल। वह दिव्यांग बच्चों के लिए काम करने वाले संगठन में काम करता है। मैं उसके लिए हाईकोर्ट तक जाऊंगी।’​​​​