आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राज्यसभा की 11 सीटों के लिए 24 जुलाई को वोटिंग होनी है। एस जयशंकर और डेरेक ओ ब्रॉयन समेत 11 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना जाएगा। ये चुनाव पश्चिम बंगाल में छह, गुजरात की तीन और गोवा की एक सीट पर हो रहा है।
11 सीटों में से TMC के छह और BJP के पांच उम्मीदवार खड़े हैं। इसके साथ ही राज्यसभा में BJP की एक सीट बढ़ जाएगी। अब बीजेपी की राज्यसभा में 93 सीटें हो जाएंगी।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
सपा नेता दारा सिंह चौहान BJP में शामिल, 2022 में BJP छोड़ सपा में गए थे
पूर्व विधायक और सपा नेता दारा सिंह चौहान सोमवार को BJP में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक दारा सिंह चौहान ने शनिवार को विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद वह गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे।
चौहान भाजपा की पिछली सरकार (2017-2022) में मंत्री थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह सपा में शामिल हो गए। दारा सिंह चौहान पिछडे वर्ग के (OBC) नेता हैं।
PM मोदी 18 जुलाई को पोर्टब्लेयर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का इनॉगरेशन करेंगे
18 जुलाई को PM नरेंद्र मोदी पोर्टब्लेयर के वीरसावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। लगभग 710 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग 40,800 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी है। एयरपोर्ट पर अब एक साथ 10 विमानों को पार्क किया जा सकेगा।
पुंछ में सेना-पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में दो घुसपैठियों को मार गिराया, आतंकियों से जुड़े 3 सरकारी कर्मचारी सस्पेंड
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जाइंट ऑपरेशन में दो घुसपैठियों को मार गिराया गया। आज सुबह जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सोमवार सुबह बॉर्डर के करीब संदिग्ध गतिविधि नोटिस की गई थी। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
वहीं जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीन सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। तीनों पर आरोप है कि वे पाकिस्तान के आंतकी संगठनों के लिए काम करते थे और आतंकियों को लॉजिस्टिक्स सप्लाई करते थे। वे आतंकी सोच को बढ़ावा देने, टेरर फंडिंग जुटाने का भी काम करते थे।
पंजाब में यूनी स्टार प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां पहुंचीं
पंजाब के लुधियाना के यूनी स्टार नाम की प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।