आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने फिर से खुद पर हमले की आशंका जताई है। उन्होंने लाहौर हाईकोर्ट में याचिका दायर करते हुए कहा- मुझे मारने के लिए तीसरी बार साजिश रची जा रही है। मेरे खिलाफ चल रहे सभी पॉलिटिकल केस रद्द कर देने चाहिए जिससे मुझे बार-बार कोर्ट के चक्कर न लगाने पड़ें।

इमरान ने कहा कि लगातार कोर्ट आने-जाने में उनकी जान को और ज्यादा खतरा हो सकता है। इमरान के खिलाफ देशभर के अलग-अलग शहरों में करीब 121 केस चल रहे हैं। इनमें देशद्रोह, ईशनिंदा, हिंसा भड़काने, आतकंवाद फैलाने जैसे कई मामले शामिल हैं। इमरान के मुताबिक ये सभी केस राजनीति से प्रेरित हैं और इन्हें खारिज कर देना चाहिए।

वजीराबाद-इस्लामाबाद में मुझे मारने की कोशिश हुई

मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इमरान खान लाहौर हाईकोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने सुनवाई के दौरान जजों से बोलने की इजाजत मांगी। कोर्ट में खान ने कहा- मुझ पर पहले ही पंजाब के वजीराबाद और इस्लामाबाद जूडीशियल कॉम्प्लेक्स (IJC) पर जानलेवा हमला हो चुका है।

इन दोनों अटैक में मैं बच गया तो ये लोग तीसरी बार मुझे मारने की साजिश रच रहे हैं। लगातार अदालत आने की वजह से मेरी जान को खतरा बढ़ जाएगा।

इमरान बोले- मुझ पर लगे सभी केस राजनीति से प्रेरित

पूर्व PM ने कहा- 70 साल तक मुझ पर एक बार भी कोई केस दर्ज नहीं हुआ, लेकिन पिछले साल अप्रैल में सत्ता से बेदखल करने के बाद मुझ पर लगातार मामले दर्ज किए जा रहे हैं। डॉनके मुताबिक, 5 जजों वाली बेंच ने खान को सभी मामलों में पुलिस की जांच में सहयोग करने का आदेश दिया है।

इमरान ने जांच में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने की इजाजत मांगी थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इमरान पर अब 8 मई को दोबारा सुनवाई होगी।