आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मानसून सीजन जाते-जाते पूर्वी और मध्य भारत को भिगोता जा रहा है। UP, बिहार, MP, राजस्थान, पश्चिम बंगाल समेत देश के 15 राज्यों में आज तेज बारिश की चेतावनी है।

UP के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर समेत 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा समेत 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।

कानपुर में जलभराव में डूबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उधर मुरादाबाद में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है। कुछ ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया। लखनऊ में आज स्कूल बंद हैं।

भारी बारिश के चलते उत्तर रेलवे की तरफ से सोमवार को हरियाणा के हिसार-दिल्ली और रेवाड़ी-हिसार के बीच चलने वाली 4 ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।

एक जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक ओवरऑल 10% कम बारिश हुई है। इसका मतलब है कि ये मानसून सीजन (30 सितंबर तक) सामान्य कम बारिश के साथ खत्म होगा।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

यहां तेज बारिश होगी: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मेघालय, असम, नगालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश।

यहां हल्की बारिश होगी : उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, झारखंड।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 20 सितंबर तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में 12-13 सितंबर से एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। यह 18 से 20 सितंबर तक प्रदेश में एक्टिव रहेगा। यानी अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश के आसार हैं। भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा समेत 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है। UP में लखनऊ में 12 घंटे से लगातार बारिश, सड़कें तालाब बनीं, स्कूलों में छुट्‌टी

मौसम विभाग ने सोमवार को लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर समेत 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में 12 घंटे से बारिश जारी है। यहां इतनी बारिश हुई है कि सड़कें तालाब बन गई हैं। मुरादाबाद में 6 घंटे की बारिश में रेलवे ट्रैक डूब गया।

हिमाचल में बारिश से राहत, तपने लगे पहाड़: 11 शहरों का पारा 30 डिग्री पार

हिमाचल में भारी बारिश से राहत के बाद पहाड़ तपने लगे है। प्रदेश के 11 शहरों का पारा 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। ऊना का तापमान पिछले 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंबा को छोड़कर अन्य सभी शहरों का तापमान नॉर्मल से 1 से 6 डिग्री तक ज्यादा चल रहा है।