आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नमस्कार,
कल की बड़ी खबर गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत से जुड़ी रही। एक खबर भारत के चंद्रयान-3 मिशन की रही। इसके रोवर ने चांद पर सल्फर और ऑक्सीजन समेत 9 एलिमेंट्स की पुष्टि की है। चांद पर सल्फर की मौजूदगी के क्या मायने है, हम ये भी बताएंगे…।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…
आज से एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हो रहा है। पहला मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच पाकिस्तान के मुल्तान में खेला जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
- घरेलू गैस सिलेंडर आज से 200 रुपए सस्ता, उज्ज्वला सिलेंडर पर अब कुल ₹400 की रियायत
केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपए की कटौती की है। नई कीमतें आज से लागू होंगी। इसके साथ ही अब दिल्ली में सिलेंडर 1103 रुपए से घटकर 903 रुपए, भोपाल में 908 और जयपुर में 906 रुपए में मिलेगा। साथ ही 75 लाख नए उज्जवला कनेक्शन भी बांटे जाएंगे।
ये खबर अहम क्यों है: सरकार का कहना है कि इस फैसले से 33 करोड़ लोगों को फायदा होगा। वहीं सरकार पर वित्त वर्ष 2023-24 में 7,680 करोड़ का बोझ आएगा। अब तक सिर्फ उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपए की सब्सिडी मिलती थी। अब इन्हें कुल ₹400 की रियायत मिलेगी। इस साल 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में सरकार का यह कदम काफी मायने रखता है।
- एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट्स के इंजन हवा में बंद, पायलट ने सेफ लैंडिंग कराई
एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट्स के एक-एक इंजन हवा में बंद हो गए। हालांकि, दोनों ही विमान सुरक्षित लैंड करा लिए गए। पहली घटना मदुरै से मुंबई जा रही फ्लाइट के साथ हुई। दूसरी कोलकाता से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट के साथ घटी। मदुरै से उड़ी फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। वहीं, एक विमान को कोलकाता लौटना पड़ा।
ये खबर अहम क्यों है: दोनों विमानों की उड़ान पर अब रोक है। इंडिगो के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन इस्तेमाल होते हैं। इंजन की खराबी और कंपनी से रिप्लेसमेंट ना हो पाने के कारण इंडिगो के करीब 40 विमान महीनों से ग्राउंडेड हैं। दो इंजन वाले विमान एक इंजन पर सेफ लैंडिग कर सकते हैं। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) मामले की जांच कर रहा है।