आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी मंगलवार (30 मई) को शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स 7 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 62,839 के स्तर पर खुला है। वहीं निफ्टी में 8 अंकों की तेजी रही, ये 18,606 के स्तर पर ओपन हुआ है। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट देखने को मिल रही है।
डॉलर के मुकाबले रुपया 1 पैसा कमजोर होकर 82.64 पर खुला है। कल यानी 29 मई को रुपया 82.63/डॉलर पर बंद हुआ था। वहीं कच्चे तेल में उछाल जारी है। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 77.36 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।
अडाणी ट्रांसमिशन का मुनाफा 70% बढ़ा
अडाणी ट्रांसमिशन ने अपने 2023 की जनवरी- मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 70% बढ़कर 389.45 करोड़ रुपए हो गया है, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 229.59 करोड़ रुपए था। हालांकि पिछली तिमाही में 474.72 करोड़ रुपए के मुनाफे से प्रदर्शन में 17.96% की गिरावट आई है। चौथी तिमाही में 3031 करोड़ रुपए की आय दर्ज की, जो वित्त वर्ष 22 की चौथी तिमाही से 17% ज्यादा है।
आज कई कंपनियों के नतीजे
आज कई कंपनियां जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इसमें पतंजलि फूड्स, अडाणी पोर्ट्स अपोलो हॉस्पिटल्स, टोरेंट फार्मास्युटिकल्स और एजिस लॉजिस्टिक्स सहित कई अन्य कंपनियां शामिल हैं।
कल मार्केट में रही थी तेजी
इससे पहले सोमवार (29 मई) को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 344 अंकों की तेजी के साथ 62,846 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 99 अंकों की तेजी रही, ये 18,598 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिली थी।