आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी 31 मई को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 62,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में 85 अंकों से ज्यादा की गिरावट है। ये 18,540 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। 11 बजे सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी देखने को मिल रही है। बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली देखने को मिल रही है। SBI का शेयर में करीब 2% की गिरावट देखने को मिल रही है।
इससे पहले सेंसेक्स 130 अंकों की गिरावट के साथ 62,839 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी में 39 अंकों की गिरावट रही। ये 18,594 के स्तर पर ओपन हुआ। आज डॉलर के मुकाबले रुपया बिना बदलाव के 82.72 पर खुला है। ब्रेंट क्रूड 74 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया, फिलहाल इसी लेवल पर ट्रेड कर रहा है।
अडाणी पोर्ट्स का नेट प्रॉफिट 5% और रेवेन्यू 40% बढ़ा
अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (ASPEZ) ने चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे घोषित की है। मार्च तिमाही (Q4FY23) में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल-दर-साल (YoY) 5% बढ़कर 1,158.88 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 1,102.61 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
चौथी तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू साल-दर-साल (YoY) 40% बढ़कर 5,797 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही (Q4FY22) में 4,140.8 करोड़ रुपए था। कंपनी के बोर्ड ने अपने निवेशकों को 5 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।
भारतीय बाजार पर विदेशी निवेशकों का भरोसा बरकरार
मंगलवार को एक बार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से घरेलू शेयर बाजार में खरीदारी देखने को मिली। मंगलवार को कैश मार्केट में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 2085 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने कल 438 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं।
कल शेयर मार्केट में रही थी बढ़त
इससे पहले कल 30 मई को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 122 अंकों की बढ़त के साथ 62,969 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 35 अंकों की तेजी रही। ये 18,633 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में तेजी और 11 में गिरावट देखने को मिली थी।