आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को जेल भेज दिया गया है। CID ने उन्हें 9 सितंबर को 371 करोड़ रुपए के स्किल डेवलपमेंट स्कैम में गिरफ्तार किया था। रविवार (10 सितंबर) को चंद्रबाबू को विजयवाड़ा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
नायडू को विजयवाड़ा से 200 किमी दूर राजमहेंद्रवरम में राजामुंद्री सेंट्रल जेल ले जाया गया। वे यहां 23 सितंबर तक रहेंगे। सुरक्षा को देखते हुए उन्हें जेल की स्नेहा विंग में ऊपरी ब्लॉक में कैदी नंबर 7691 के साथ रखा गया है। कोर्ट ने उन्हें घर का खाना और दवाइयां उपलब्ध कराने का आदेश भी दिया है।
वहीं, चंद्रबाबू की गिरफ्तारी के विरोध में तेलुगु देशम पार्टी ने राज्य में बंद बुलाया है। कार्यकर्ता जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, सत्ताधारी पार्टी YSRCP के कार्यकर्ता चंद्रबाबू की गिरफ्तारी को लेकर जश्न मना रहे हैं। कई जगहों पर रविवार रात पटाखे फोड़े गए।
नायडू के जेल जाने पर आंध्र सरकार में मंत्री ने पटाखे फोड़े
चंद्रबाबू नायडू के जेल जाने के बाद YSR कांग्रेस सरकार में टूरिज्म मिनिस्टर रोजा सेल्वामणि ने अपने आवास पर पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। रोजा ने कहा- ये बस शुरुआत है। हम चंद्रबाबू नायडू के सभी गलत कामों का पर्दाफाश करेंगे। वो अपने जीवन में जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। 2014 से 2019 तक उनके सभी घोटालों का हमारे पास सबूत हैं।
TDP ने राज्य में बंद बुलाया, जनसेना ने समर्थन किया
नेता-अभिनेता पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने TDP के बुलाए बंद का समर्थन किया है। पवन कल्याण ने सत्ताधारी YSRCP पार्टी पर विपक्षी पार्टियों को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी राज्य में एंटी-सोशल एक्टिविटी कर रही है।
शनिवार देर रात पवन कल्याण चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में अपने समर्थकों के साथ विजयवाड़ा जा रहे थे। बीच रास्ते में उन्हें पुलिस ने रोका। विरोध में वे सड़क पर ही लेट गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया।
चंद्रबाबू बोले- राजनीतिक फायदे के लिए गलत आरोप में फंसाया गया
चंद्रबाबू के वकील ने कोर्ट को बताया कि राजनीतिक फायदे के लिए चंद्रबाबू पर गलत आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के प्रावधानों की बारीकियों के बारे में बताते हुए दावा किया कि उनके खिलाफ कोई दमदार सबूत नहीं है।
उन्होंने कोर्ट से अपील की कि CID की तरफ से दाखिल की गई रिमांड रिपोर्ट को रिजेक्ट कर दिया जाए। इस पर कोर्ट ने माना है कि नायडू के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर विश्वास करने की वजहें हैं। एक दिन में इनकी जांच नहीं की जा सकती।