आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उमेश पाल मर्डर केस का आरोपी गैंगस्टर अतीक अहमद अगले दो घंटे में प्रयागराज पहुंच जाएगा। उसे नैनी जेल में रखने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उसके बाद मंगलवार यानी 28 मार्च को उसे प्रयागराज के स्पेशल MP/MLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। अतीक के काफिले के साथ उसकी बहन और वकील भी चल रहे हैं।
इससे पहले 26 मार्च को सुबह यूपी STF के अफसर और 30 हथियारबंद जवान अहमदाबाद पहुंचे और शाम 4 बजे तक गुजरात पुलिस से अतीक की कस्टडी की प्रक्रिया पूरी की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 5 बजकर 44 मिनट पर अतीक जेल गेट से बाहर आया और फौरन उसे वैन में बैठा दिया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उसने कहा कि ‘यूपी STF मेरी हत्या कर देगी।’
STF का काफिला अहमदाबाद से राजस्थान के उदयपुर-कोटा होते हुए मध्य प्रदेश में शिवपुरी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ। काफिला अब तक 21 घंटे यानी रविवार शाम 5:45 बजे से सोमवार दोपहर साढ़े 3 बजे तक 1154 किलोमीटर का सफर तय कर चित्रकूट पहुंच चुका है। प्रयागराज का सफर अभी 120 किलोमीटर और है। टीम इस दौरान 7 जगह रुकी।
इससे पहले काफिला एमपी में शिवपुरी के पास रुका था। जब अतीक वैन से उतर रहा था, तब उससे पूछा गया कि क्या आपको डर लग रहा है? तो गैंगस्टर बोला- किस बात का डर।