आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी गुरुवार (15 जून) को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, आज सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने का दाम 244 रुपए गिरकर 59,020 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 54,062 रुपए हो गई है।

71 हजार के करीब आई चांदी

IBJA की वेबसाइट के अनुसार आज चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ये 684 रुपए सस्ती होकर 71,421 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। इससे पहले ये 72,105 रुपए पर थी।

फेड के रेट न बढ़ाने से सोने-चांदी में कमजोरी

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने 15 महीने बाद, जून की पॉलिसी में उम्मीद के मुताबिक ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका सोने-चांदी की कीमतों पर विपरीत असर पड़ा है। हालांकि IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता कहते हैं कि ये गिरावट स्थाई नहीं है और आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में फिर तेजी देखने को मिल सकती है। इनके अनुसार साल के आखिर तक सोना फिर 62 हजार और चांदी 80 हजार तक जा सकती है।

इस साल सोने में रही तेजी

इस साल अब तक सोने में अब तेजी देखने को मिली है। इस साल की शुरुआत यानी 1 जनवरी 2023 को ये 54,867 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब 59,020 रुपए पर है। यानी इसके दाम में 4,153 रुपए की तेजी आई है।

इस साल अब तक सोने की चाल

सिर्फ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

अगर आप इन दिनों सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो, ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना बेचने पर रोक लगा दी गई है।

जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।