आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: आज यानी बुधवार (28 जून) को शेयर बाजार ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया है। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 63,907 के स्तर तक पहुंच गया। इससे पहले इसी महीने 22 जून को शेयर बाजार ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। तब सेंसेक्स ने 63,601 का स्तर छुआ था। अभी ये 487अंक से ज्यादा चढ़कर 63,903 के करीब ट्रेड कर रहा है।
इधर, निफ्टी ने भी 18,967 का ऑल टाइम हाई बनाया है। इससे पहले इसका हाई 18,887.60 था जो उसने 1 दिसंबर 2022 को बनाया था। अभी निफ्टी में 140 अंकों से ज्यादा की तेजी है और यह 18,950 के स्तर के पार कारोबार कर रहा है। NSE पर मीडिया को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर्स में तेजी है। सबसे ज्यादा 1.68% निफ्टी मेटल चढ़ा है। निफ्टी पर सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर अडाणी एंटरप्राइजेज है, जो 5% चढ़ा है।
प्री ओपनिंग सेशन क्या होता है?
स्टॉक मार्केट की वोलेटिलिटी को कंट्रोल करने के लिए प्री-ओपनिंग सेशन होता है। भारतीय बाजारों के प्री-ओपनिंग सेशन का टाइम सुबह 9:00 बजे से 9:15 बजे के बीच है। मार्केट के खुलने से पहले ऐसी कोई भी अनाउंसमेंट जो बाजार को अस्थिर बना सकता है उससे बचने के लिए प्री-ओपनिंग स्ट्रैटजी अपनाई जाती है। अनाउंसमेंट जैसे किसी कंपनी का मर्जर और अधिग्रहण, किसी कंपनी के स्टॉक की डीलिस्टिंग आदि।
इस साल बाजार में अब तक 4% से ज्यादा की तेजी
इस साल बाजार में अब तक शानदार तेजी देखने को मिली है। इस साल की शुरुआत यानी 2 जनवरी (1 जनवरी को बाजार बंद था) को सेंसेक्स 61,167 के स्तर पर था जो अब (28 जून) 63,716 अंक पर पहुंच गया है। इस साल इसमें अब तक 4% से ज्यादा यानी 2,549 अंक की तेजी देखने को मिली है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आगे भी ये तेजी जारी रह सकती है।
15 साल में 10 हजार से 60,000 पर पहुंचा बाजार
25 जुलाई 1990 को BSE सेंसेक्स ने पहली बार 1 हजार के स्तर को छुआ था। 1 हजार से 10 हजार तक आने में इसे तकरीबन 16 साल लगे (6 फरवरी 2006), लेकिन 10 हजार से 60 हजार तक के सफर को केवल 15 साल में पूरा कर लिया।
आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड का IPO 13.36 सब्सक्राइब हुआ
ड्रोन बनाने वाली कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड का IPO दो दिन में ही 13.36 सब्सक्राइब हो चुका है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 26 जून से 29 जून तक बिडिंग कर सकते हैं। 7 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे। इसके अलावा मंगलवार (27 जून) को साइएंट DLM का IPO भी ओपन होगा।
प्राइस बैंड : 638-672 रुपए/शेयर
लॉट साइज: 22 शेयर
न्यूनतम निवेश: 14784 रुपए
DLM का IPO भी 1 ही दिन में 2.85 गुना भरा
वहीं इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस उपलब्ध कराने वाली कंपनी साइएंट DLM का IPO भी 1 ही दिन में 2.85 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 27 जून से 30 जून तक बिडिंग कर सकते हैं। 10 जुलाई को कंपनी के शेयर्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे। इसके अलावा सोमवार (26 जून) को ड्रोन बनाने वाली कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड का IPO ओपन हुआ है, जिसके लिए आप 29 जून तक बिडिंग कर सकते हैं।