आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत सरकार ने ट्विटर के पूर्व CEO जैक डॉर्सी के दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। IT मिनिस्टर राजीव चंद्रशेखर ने जैक डॉर्सी के दावों पर कहा कि वह सरासर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘ये शायद ट्विटर के इतिहास के उस बहुत ही संदिग्ध दौर को मिटाने का प्रयास है।’

ट्विटर के फाउंडर और पूर्व CEO ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि भारत में किसान आंदोलन के दौरान सरकार ने ट्विटर बंद कर देने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारत सरकार ने कई ऐसे पत्रकारों के अकाउंट बंद करने का दबाव बनाया था, जो सरकार की आलोचना कर रहे थे।

डॉर्सी ने यूट्यूब शो ‘ब्रेकिंग पॉइंट्स विद क्रिस्टल एंड सागर’ में ये आरोप लगाए हैं। ये शो 12 जून को पब्लिश किया गया।

डॉर्सी के आरोपों पर भारत सरकार के जवाब

  1. जैक डॉर्सी ने सरासर झूठ बोला

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने जैक डॉर्सी के बयान को झूठा बताया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, ‘जैक डॉर्सी ने जो कुछ कहा है वह सरासर झूठ है। ट्विटर एक ऐसी कंपनी है जो मानती थी कि उसके लिए भारतीय कानूनों का पालन करना जरूरी नहीं है। भारत सरकार शुरू से ही स्पष्ट रूप से बता रही है कि भारत में काम करने वाली सभी कंपनियों को भारतीय कानून को मानना होगा।’

  1. कोई जेल नहीं गया, किसी पर छापा नहीं पड़ा

चंद्रशेखर ने कहा कि 2020 से 2022 के बीच ट्विटर कई बार भारतीय कानून का उल्लंघन कर रहा था। उस पूरी अवधि के दौरान कोई भी जेल नहीं गया और ना ही किसी पर छापा पड़ा। आखिरकार ट्विटर ने जून 2022 से कानून का पालन करना शुरू कर दिया।

  1. डॉर्सी के वक्त ट्विटर का व्यवहार पक्षपाती था

राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट कर कहा, ‘जनवरी 2021 के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान बहुत सारी गलत जानकारियां, यहां तक कि नरसंहार की भी रिपोर्ट आई। यह निश्चित रूप से गलत थीं। भारत सरकार को प्लेटफार्म से गलत जानकारियों को हटाने के लिए बाध्य होना पड़ा, क्योंकि इसमें फर्जी खबरों के आधार पर स्थिति को और भड़काने की कैपेसिटी थी। जैक डॉर्सी के समय ट्विटर का पक्षपातपूर्ण व्यवहार था, उन्हें भारत में प्लेटफार्म से गलत जानकारियों को हटाने में दिक्कत हुई।’

किसान नेता टिकैत बोले- सरकार ने आंदोलन रोकने के प्रयास किए होंगे

जैक डोर्सी के बयान पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “उस समय हमें जानकारी थी कि किसान आंदोलन की फेसबुक और ट्विटर पर उतनी रीच नहीं आ रही थी, जितनी आनी थी। वह (सरकार) लोकल स्तर पर रोकने की कोशिश करते थे। ट्विटर के मालिक ने अब स्पष्ट कहा है। उसने (जैक डोर्सी) ठीक कहा है, भारत सरकार ने यह प्रयास किए होंगे।’

डॉर्स के दावे पर राउत बोले- पर्दे के पीछे लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा

उद्धव ठाकरे गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने डोर्सी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘मैंने देखा है कि कैसे देश का लोकतंत्र और आजादी खतरे में है। इससे स्पष्ट होता है कि कैसे पर्दे के पीछे लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।’