आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: ओडिशा के पुरी में नौ दिन बाद भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा यात्रा (वापसी रथ उत्सव) शुरू हो गई है। यह पुरी के गुंडिचा मंदिर से जगन्नाथ मंदिर तक होने वाली महाप्रभु की वापसी यात्रा है जिसके लिए पुलिस की 180 प्लाटून को तैनात किया है। ट्रैफिक के लिए ADG के नेतृत्व में फोर्स की तैनाती पहले ही कर दी गई थी। भुवनेश्वर IG पुलिस आशीष कुमार सिंह के मुताबिक यह तैनाती 1 जुलाई तक रहेगी|
आज की अन्य प्रमुख खबरें..
दिल्ली में शख्स ने पत्नी को हत्या कर खुद को फांसी लगाई, झगड़े के बाद उठाया कदम
दिल्ली के नरेला इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच बुधवार सुबह झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पति ने चाकू मारकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
NIA की बेंगलुरु में 3 ठिकानों पर छापेमारी, भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का है मामला
भाजपा युवा मोर्चा के एक मेंबर की हत्या के मामले में NIA ने बेंगलुरु में 3 ठिकानों पर छापेमारी की। NIA ने हत्या के आरोपियों को शरण देने वाले 3 लोगों के घर पर छापा मारा। ये तीनों लोग फिलहाल फरार चल रहे हैं।
युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीन नट्टारू की पिछले साल जुलाई में कर्नाटक के बेल्लारी गांव में हत्या कर दी गई थी। प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के सदस्यों पर इस हत्या का आरोप लगा था।
अमरनाथ यात्रा से 2 दिन पहले जम्मू पुलिस और प्रशासन ने की मॉकड्रिल, यात्रा 1 जुलाई से शुरू होगी
अमरनाथ यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले, भक्तों के लिए सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने और अन्य व्यवस्थाओं की जांच के लिए बुधवार को जम्मू से बनिहाल तक एक ट्रायल रन आयोजित किया गया। 62 दिन की यह तीर्थयात्रा 1 जुलाई को शुरू होगी और 31 अगस्त को समाप्त होगी। पहला जत्था 30 जून को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होगा। वहीं, बालटाल और चंदनवाड़ी में 100 बिस्तरों के अस्पताल भी तैयार हैं।
मेघालय में BSF ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे 5 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े
मेघालय में BSF ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे 5 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इन्हें राज्य की इंटरनेशनल सीमा पर पकड़ा गया। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पूछताछ में बांग्लादेश नागरिकों ने बताया कि वे भारत में बसने के लिए घुसपैठ कर रहे थे।
आज से उम्र में एक साल छोटे हो जाएंगे कोरियाई
साउथ कोरिया के लोग बुधवार से उम्र में एक साल छोटे हो जाएंगे। वजह है नया कानून। द. कोरिया में अभी तक जन्म के समय नवजात की उम्र एक वर्ष मानते रहे हैं। नए कानून में उम्र की गणना अब जन्म के समय से की जाएगी। इस कानून को इसी साल संसद ने पास किया था।