आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी बुधवार, 7 जून को जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस मुंबई में भारतीय नौसेना के लिए जहाज बनाने वाली कंपनी का दौरा करेंगे। इस कंपनी का नाम- मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड है।

बोरिस पिस्टोरियस इस कंपनी का दौरा उस समय कर रहे हैं जब ऐसा कहा जा रहा है कि भारत और जर्मनी मिलकर पनडुब्बियां बनाने की डील करने वाले हैं।

आज इस स्टोरी में जानेंगे कि भारत आखिर जर्मनी से ही क्यों पनडुब्बी बनाने के लिए समझौता करना चाहता है और भारत को डील से क्या फायदा हो सकता है…

भारत को 24 पनडुब्बियों की जरूरत, लेकिन हैं सिर्फ 16

हिंद महासागर में चीन के बढ़ते प्रभाव का सामना करने के लिए भारत को पनडुब्बियों की जरूरत है। अभी भारत के पास 16 पनडुब्बी हैं, लेकिन जरूरत 24 की है। 16 में केवल 6 पनडुब्बियां ही ऐसी हैं जिन्हें हाल में बनाया गया। बाकी 30 साल पुरानी हैं। इन्हें कुछ साल में रिटायर कर दिया जाएगा। ऐसे में अगर जर्मनी के साथ डील होगी तो भारत की पनडुब्बियों की जरूरत पूरी हो जाएगी।

जर्मनी-भारत की डील पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट…

भारत क्यों जर्मनी से ही करना चाहता है सबमरीन समझौता?

डिफेंस एक्सपर्ट मनोज जोशी ने बताया कि भारत ने प्रोजेक्ट 75-I के तहत भारतीय नौसेना को 6 पनडुब्बियां सौंपने की योजना बनाई है। इन पनडुब्बियों का निर्माण किस देश की कंपनियां करेंगी ये अभी तय नहीं है। फ्रांस से डील कैंसिल होने के बाद जर्मनी ने भारत के लिए पनडुब्बियां तैयार करने का ऑफर दिया था। अब भारत और जर्मनी के बीच इसी प्रोजेक्ट पर समझौता होने की संभावना है।

भारत इन दो वजहों से हर हाल में जर्मनी से ये समझौता करना चाहता है…

1) जर्मनी की सबमरीन में AIP यानी एयर इंडिपेंडेट प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी है। इस टेक्नोलॉजी से चलने वाली पनडुब्बियों की खासियत ये होती है कि वो लंबे समय तक पानी के अंदर रह सकती हैं। उसे बार-बार बाकी पनडुब्बियों की तरह समुद्र की सतह पर नहीं आना पड़ता है।

दरअसल, न्यूक्लियर सबमरीन को छोड़कर बाकी सभी पनडुब्बियों को हवा के लिए कुछ समय के अंतराल पर पानी से ऊपर आना पड़ता है। इस दौरान दुश्मन उनकी लोकेशन डिटेक्ट कर उन पर हमला कर सकता है। अगर भारत को यह टेक्नोलॉजी मिलती है तो हिंद महासागर में दुश्मन पर नजर रखने में आसानी होगी। हालांकि भारत में DRDO इस टेक्नोलॉजी पर काम कर रहा है, लेकिन उसकी सफलता के बारे में अभी दावा करना मुश्किल है। यही वजह है कि नौसेना जर्मनी की कंपनी से पनडुब्बियां बनवाना चाहती है।

2) 37 साल पहले 1986 से 1994 तक भारत ने जर्मनी से चार तरह की शिशुमार क्लास पनडुब्बियां खरीदी थीं। ये पनडुब्बियां आज भी भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल हैं। उम्मीद के मुताबिक भारतीय नौसेना को मजबूत करने में इन पनडुब्बियों का अहम योगदान है। जर्मन टेक्नोलॉजी पर पहले के अनुभवों के आधार पर ही भारतीय नौसेना इस समझौते को अंजाम तक पहुंचाना चाह रही है।