आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है। बागेश्वर के सामा से पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी ब्लॉक में होकरा मंदिर जा रही एक जीप सड़क से पलट कर रामगंगा नदी में गिर गई। वाहन में सवार दस में से आठ लोगों की मौत की खबर है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

जम्मू-कश्मीर में लश्कर के आतंकियों के दो सहयोगी गिरफ्तार, AK 47 की 12 राउंड गोलियां और एक ग्रेनेड बरामद

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के बिजबेहरा इलाके में पुलिस ने लश्कर के आतंकियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक लाख रुपए, AK 47 की 12 राउंड गोलियां और एक ग्रेनेड बरामद हुआ। बिजबेहरा पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

ED ने हवाला ऑपरेटरों के नेटवर्क के खिलाफ केरल में 14 जगहों पर की छापेमारी

ED ने हवाला ऑपरेटरों और अवैध विदेशी मुद्रा डीलरों के नेटवर्क के खिलाफ जांच के तहत केरल में 14 जगहों पर छापेमारी की है। हालांकि, तलाशी 19 जून को ली गई है, लेकिन इसकी जानकारी गुरुवार को मिली है।

एक अधिकारी ने बताया कि यह रेड इंटेलिजेंस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। दरअसल, फॉरेक्स मनी एक्सचेंज, गिफ्ट शॉप्स, टेक्सटाइल, ज्वेलरी शॉप और रेडीमेड गारमेंट की दुकानों की आड़ में हवाला कारोबार किया जा रहा था।

बंगाल के मालदा में बिजली गिरने से 7 की मौत, 12 बच्चे झुलसे

पश्चिम बंगाल के मालदा में बिजली गिरने से तीन बच्चों सहित 7 लोगों की मौत हो गई। मालदा के DM नितिन सिंघानिया ने कहा कि तूफान के कारण सात लोगों की मौत हो गई।

वहीं 12 बच्चे झुलस गए, उन्हें बांगीटोला ग्रामीण अस्पताल और मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली गिरने से नौ मवेशियों की मौत भी हुई है।

मणिपुर के बिष्णुपुर में बुधवार शाम 7:30 बजे एक कार में विस्फोट हुआ। धमाके में तीन लोग घायल हो गए। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्थिति को देखते हुए 24 जून को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।