आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान में एक नई और बड़ी सियासी पार्टी बन गई है। इसका नाम ‘इश्तेहिकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी’ है। इस पार्टी की दो खास बातें हैं। पहली- 9 मई की हिंसा के बाद इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) छोड़ने वाले ज्यादातर नेता नई पार्टी में शामिल हैं। दूसरी- इस पार्टी को मुल्क के सबसे अमीर कारोबारियों में शुमार शुगर माफिया जहांगीर खान तरीन (JKT) ने बनाया है।
जहांगीर तरीन वो शख्स हैं, जिनका 2011 में इमरान की पार्टी खड़ी करने में सबसे अहम रोल था। बाद में इमरान ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। जहांगीर के पास दो प्राईवेट जेट भी हैं।
जहांगीर खान तरीन और इमरान की यह तस्वीर 2016 की है। तब दोनों बहुत करीबी दोस्त थे। अब तरीन ने इमरान की पार्टी को तोड़ने में सबसे अहम किरदार निभाया है।
इमरान ने मुल्क को धोखा दिया
गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नई पार्टी का ऐलान करते हुए तरीन ने कहा- हम नई पार्टी शुरू कर रहे हैं। हमारा मकसद आज भी वही है जो पहले था। हम पाकिस्तान को एक बेहतर मुल्क बनाना चाहते हैं। यही वजह है कि इमरान का साथ छोड़ने वाले तमाम नेता आज फिर एक प्लेटफॉर्म पर नजर आ रहे हैं। इस पार्टी का मकसद मुल्क के सोशल, इकोनॉमिक और दूसरे मसले हल करना है।
तरीन ने कहा- PTI को मजबूत बनाने में हमने कई साल तक दिन-रात मेहनत की थी। वहां से हमें धोखा मिला। आज हम नई शुरुआत कर रहे हैं। इस मुल्क के लोग हिम्मत और हौसला रखें, हम उनकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि तमाम और बड़े नेता हमसे जुड़ेंगे।
इस पार्टी का एक अहम चेहरा अलीम खान हैं। वो भी इमरान की पार्टी में रहे हैं और जहांगीर तरीन की ही तरह पाकिस्तान के अमीर कारोबारी हैं।
सिर्फ एक महीने पहले तक फवाद चौधरी (कुर्सी पर बैठे हुए) इमरान के दाएं हाथ माने जाते थे। वक्त बदला तो वो भी अब तरीन के साथ हो गए हैं।
शुगर माफिया कहलाते हैं तरीन
जहांगीर खान तरीन को पाकिस्तान में JKT के नाम से जाना जाता है। वो अरबों रुपए की कंपनियों के मालिक हैं। हालांकि, पाकिस्तान में ही एक बहुत बड़ा तबका ऐसा है जो जहांगीर को शुगर माफिया बताता है।
आरोप है कि पाकिस्तान में शुगर यानी शक्कर के प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन का सारा हिसाब-किताब जहांगीर के इशारों पर ही होता है। इमरान की पार्टी फौज के इशारे पर जहांगीर तरीन ने ही खड़ी की थी। दूसरी पार्टियों के बड़े नेताओं को करोड़ों रुपए में खरीदकर उन्हें तरीन के प्राईवेट जेट्स से इस्लामाबाद लाया गया था। 2017 में जब इमरान को लगा कि तरीन का पार्टी में जबरदस्त असर है तो उन्होंने जहांगीर को झूठे केसेज में फंसाकर पार्टी से ही निकाल दिया।