सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ Bhopal : BIS BPBO द्वारा इंदौर में फर्नीचर क्षेत्र हेतु उद्योग संघ कार्यक्रम आयोजित

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा फर्नीचर क्षेत्र के निर्माता, व्यापारी एवं एमएसएमई के लिए AIMP हॉल, पोलोग्राउंड, इंदौर में 20 मई 2026 को उद्योग संघ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फर्नीचर उद्योग एवं एमएसएमई के 80 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों श्री योगेश मेहता, अध्यक्ष, AIMP; श्री मोहम्मद रिज़वान, निदेशक एवं प्रमुख, BIS, भोपाल; श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई/निदेशक, BIS BPBO; तथा श्री तरुण व्यास, सचिव, AIMP; के पुष्पगुच्छ द्वारा स्वागत के साथ हुआ।

अपने संबोधन में, श्री योगेश मेहता, अध्यक्ष, एआईएमपी ने गुणवत्ता इकोसिस्टम और उपभोक्ता सुरक्षा को मजबूत बनाने में बीआईएस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बढ़ते आयामों का उल्लेख किया, जिसमें चीनी फर्नीचर उद्योग का विस्तारित प्रभाव भी शामिल है, और बताया कि फर्नीचर संबंधित गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (QCOs) का लाभ भारतीय निर्माता और एमएसएमई गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए उठा सकते हैं।

अपने उद्घाटन संबोधन में, श्री मोहम्मद रिज़वान ने फर्नीचर संबंधित गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (QCOs) के कार्यान्वयन को देखते हुए कार्यक्रम के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मानकों और अनुरूपता मूल्यांकन (standards & conformity assessment) की भूमिका पर बल दिया, जो गुणवत्ता और उपभोक्ता विश्वास सुनिश्चित करने में सहायक है। इसके अलावा, उन्होंने एमएसएमई को मिलने वाले विभिन्न लाभों के बारे में भी जानकारी साझा की।

इसके बाद श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई/निदेशक, BIS BPBO द्वारा दो तकनीकी प्रस्तुतियाँ दी गईं। पहली प्रस्तुति में BIS का परिचय तथा मानक निर्माण, अनुरूपता मूल्यांकन, प्रमाणीकरण एवं मानक प्रचार-प्रसार में BIS की भूमिका पर जानकारी दी गई। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि वित्तीय और परीक्षण संबंधी मुद्दों के संदर्भ में एमएसएमई को विभिन्न लाभ उपलब्ध हैं। दूसरी प्रस्तुति के अंतर्गत IS 17637:2021 – फर्नीचर प्रयोग में सतही फिनिश की कार्यकारिता अपेक्षाएं (IS 17637: 2021 के संशोधन संख्या 2 का मसौदा)पर ‘मानक मंथन’ सत्र आयोजित किया गया।

इसके पश्चात इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर एवं विस्तृत चर्चा में प्रतिभागियों द्वारा QCOs तथा अनुपालन से जुड़े व्यावहारिक प्रश्न उठाए गए। निर्माताओं द्वारा विशेष रूप से सैंपलिंग एवं परीक्षण से संबंधित मुद्दों—जैसे सैंपलिंग पद्धति, विश्लेषण/परीक्षण प्रोटोकॉल, परीक्षण पैरामीटर तथा नमूनों की प्रकृति/प्रकार एवं हैंडलिंग—पर स्पष्टीकरण मांगा गया। निर्माताओं द्वारा QCOs के अंतर्गत फर्नीचर मानकों हेतु BIS लाइसेंस/प्रमाणीकरण प्राप्त करने की लागत (लागू शुल्क/चार्ज, परीक्षण लागत, मार्किंग फीस आदि) को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया। BIS BPBO द्वारा प्रश्नों का समाधान किया गया तथा मानकों एवं गुणवत्ता आवश्यकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हितधारकों के साथ निरंतर संवाद/सहभागिता का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम का समापन श्री हरीश नगर, सचिव, फर्नीचर क्लस्टर द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रतिभागियों के साथ अनौपचारिक संवाद/परस्पर बातचीत हुई।