सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाने वाले विद्यार्थियों के लिए एलएन मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, भोपाल में MBBS बैच-2026 का ‘ज्ञानारंभ’ इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं कैंपस वातावरण से परिचय कराना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के साथ व्यक्तित्व, कौशल और करियर विकास के लिए प्रेरित करना था।
एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति जय नारायण चौकसे ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में विश्वविद्यालय का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल पाठ्यक्रम और परीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान का विस्तार करते हुए नई तकनीकों, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता के लिए डिग्री के साथ व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी जरूरी है।
एलएनसीटी ग्रुप के सचिव अनुपम चौकसे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘ज्ञानारंभ’ उनके विश्वविद्यालय जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुरूप नए कौशल विकसित करें। उन्होंने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और ऐसे में विद्यार्थियों को बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट रखना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के
साथ आगे बढ़ने, टीमवर्क की भावना विकसित करने और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर करियर और व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बदलते दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने और अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय की ओर से नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति जय नारायण चौकसे, एलएनसीटी ग्रुप के सचिव अनुपम चौकसे, यूनिवर्सिटी के कुलगुरु एन. के. थापक, वाइस चेयरपर्सन पूनम चौकसे, संचालक शेवता चौकसे, संचालक पूजा चौकसे, संचालक धर्मेन्द्र गुप्ता, अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और बड़ी संख्या में नए विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #एलएन #मेडिकल #कॉलेज #एमबीबीएस #विद्यार्थियों #इंडक्शन #कार्यक्रम #एलएनमेडिकलकॉलेजमें