सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मेरा युवा भारत भोपाल की ओर से विकसित भारत युवा संसद 2027 के आठवें संस्करण के लिए युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, उन्हें सार्वजनिक मुद्दों से जोड़ना और राष्ट्रीय विकास के साथ नीति-निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इच्छुक युवा माय भारत के आधिकारिक पोर्टल https://mybharat.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के एक विशेष ट्रैक के रूप में किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आवेदक की आयु 17 अगस्त 2026 तक 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। युवा संसद के पिछले संस्करणों के राष्ट्रीय दौर के फाइनलिस्ट इस बार भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ गैर-विद्यार्थियों, ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के युवाओं को भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ऑफलाइन किया जाएगा।
31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक देश के 786 जिलों में जिला दौर आयोजित होगा। इसमें प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। भाषण हिंदी, अंग्रेजी या किसी आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा में दिया जा सकेगा। विशेषज्ञ जूरी प्रत्येक जिले से शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए करेगी। 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक संबंधित राज्यों की विधानसभाओं में राज्य स्तरीय दौर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से शीर्ष तीन विजेताओं को राष्ट्रीय दौर के लिए चुना जाएगा। राष्ट्रीय स्तर: 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय दौर आयोजित होगा। इसमें 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित कुल 108 फाइनलिस्ट हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को उद्घाटन सत्र, प्रश्नकाल और लघु चर्चा सत्र जैसी संसदीय गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद चयनित प्रतिभागी 11 और 12 जनवरी 2027 को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में शामिल होंगे। इस दौरान वे नीति-निर्माताओं से संवाद करेंगे तथा नई संसद और प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण भी करेंगे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन कुल 100 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें विषय की प्रासंगिकता के लिए 20 अंक, स्पष्टता और संरचना के लिए 15 अंक, मौखिक संवाद एवं देहभाषा के लिए 25 अंक, नवाचार और रचनात्मकता के लिए 20 अंक, भाषा एवं प्रवाह के लिए 10 अंक तथा तीन मिनट की समय-सीमा का पालन करने के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।
माय भारत, भोपाल ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण पूरा करें। आवेदन और पंजीकरण संबंधी जानकारी माय भारत के आधिकारिक पोर्टल https://mybharat.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #विकसित #भारत #युवा #संसद #2027 #आवेदन #आमंत्रित #विकसितभारतयुवासंसद