सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल कार्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। इसका उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना को मजबूत करना है।

भोपाल मंडल में सतर्कता संगोष्ठी, सत्यनिष्ठा पर जोर
भोपाल मंडल में सतर्कता संगोष्ठी, सत्यनिष्ठा पर जोर

संगोष्ठी के दौरान सतर्कता संबंधी मामलों के प्रभावी निराकरण, लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों के शीघ्र निपटारे, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, डिजिटल पहलों तथा अनुबंध प्रबंधन में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। इन विषयों के माध्यम से रेल प्रशासन में सुशासन, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय से आए सतर्कता अधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर भोपाल मंडल कार्यालय एवं विभिन्न डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सीआरडब्ल्यूएस, गतिशक्ति इकाई एवं निर्माण विभाग, भोपाल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संगोष्ठी का उद्देश्य रेलकर्मियों को सतर्कता के प्रति जागरूक करना, कार्यों में ईमानदारी एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना तथा संगठन में पारदर्शी और जवाबदेह कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #भोपाल #मंडल #सतर्कता #संगोष्ठी #सत्यनिष्ठा #जोर #सीएनएन #भोपालमंडलमेंसतर्कता