आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के दिग्गज दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला का आज (5 जुलाई) जन्मदिन है। भारतीय शेयर बाजार के बिग बुल और इंडिया के वॉरेन बफे के नाम से मशहूर राकेश झुनझुनवाला का 14 अगस्त 2022 को हार्ट अटैक से 62 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला उनके एम्पायर को संभाल रही हैं। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में राकेश झुनझुनवाला को दुनिया का दूसरा सबसे सफल निवेशक माना।
हम आपको झुनझुनवाला के निवेश के सफर से लेकर उनसे मिलने वाली सीख और उनसे जुड़े कई इंटरेस्टिंग फैक्ट्स बता रहे हैं…
- निवेश का सफर: 37 साल में 46 हजार करोड़ का एम्पायर बनाया
राकेश झुनझुनवाला ने 1985 में 5 हजार रुपए से कारोबार की शुरुआत की थी। अगले 37 साल यानी 2022 तक उनका एम्पायर (नेटवर्थ) 5.8 अरब डॉलर (करीब 46.18 हजार करोड़ रुपए) पर पहुंच गया था। 2022 में ही उन्होंने ‘अकासा’ एयरलाइन के साथ एविएशन सेक्टर में एंट्री की थी। उनका कई कंपनियों में निवेश है। निधन से पहले वे फोर्ब्स की दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 440वें नंबर पर थे। वे अपनी कमाई का 25% हिस्सा दान कर देते थे।
अकासा एयरलाइन में झुनझुनवाला ने 35 मिलियन डॉलर यानी करीब 278 करोड़ रुपए का निवेश किया था। इस एयरलाइन में झुनझुनवाला और उनकी पत्नी की टोटल हिस्सेदारी 40% से ज्यादा थी। अकासा एयर के लॉन्चिंग पर उन्होंने कहा था, ‘बहुत से लोगों के मन में सवाल है। मैंने एक एयरलाइन क्यों शुरू की। उनके सवाल का जवाब देने के बजाय मैं सिर्फ कहूंगा कि मैं फेल होने के लिए तैयार हूं। कोशिश नहीं करने के बजाय प्रयास करने के बाद नाकाम होना बेहतर है।’
झुनझुनवाला ने 2003 में पत्नी रेखा के कहने पर अपनी खुद की स्टॉक ट्रेडिंग फर्म रेयर एंटरप्राइजेज की स्थापना की थी। इसका नाम उन्होंने अपना और अपनी पत्नी रेखा के नाम के पहले दो अक्षरों को मिलाकर रखा। उन्होंने राकेश से ‘Ra’; रेखा से ‘Re’ को शामिल किया था। कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के एक कार्यक्रम में राकेश झुनझुनवाला ने कहा था कि उनके पिता उनके पहले रोल मॉडल थे। उनका दूसरा रोल मॉडल हाउस ऑफ टाटा था। वहीं अनुभवी निवेशक और डीमार्ट के फाउंडर राधाकृष्ण दमानी को भी वो अपना रोल मॉडल मानते थे।
एप्टेक लिमिटेड और हंगामा के चेयरमैन थे झुनझुनवाला
एक एक्टिव इन्वेस्टर होने के अलावा झुनझुनवाला एप्टेक लिमिटेड और हंगामा डिजिटल मीडिया एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन थे।