आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में कर्ज की सीमा बढ़ाने पर सरकार और विपक्षी पार्टी के बीच कोई डील फाइनल नहीं हो पा रही है। इस बीच ट्रेजरी सेक्रेटरी जेनेट एल येलेन ने कहा है कि अमेरिका 5 जून तक दिवालिया हो सकता है। यानी सरकार के पास केवल 5 जून तक देश को चलाने का पैसा बचा है। पहले ये तारीख 1 जून बताई गई थी।

वहीं, अमेरिका का सरकारी खजाना पिछले 6 सालों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है। गुरुवार को अमेरिकी ट्रेजरी का कैश बैलेंस 3 लाख करोड़ रुपए हो गया जो मंगलवार को 4 लाख करोड़ रुपए था।

तेजी से बंद हो रहे डिफॉल्ट होने से बचने के दूसरे रास्ते

अमेरिका को डिफॉल्ट होने से बचाने का एकमात्र उपाय विपक्ष को साथ लेकर सरकार के कर्ज लेने की सीमा को बढ़ाना है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार शाम को कहा, ‘मुझे पूरी उम्मीद है कि हालात बेहतर होंगे। आज रात तक डील फाइनल हो जाएगी’।

वहीं, सरकार के पास डील के अलावा देश को डिफॉल्ट होने से बचाने के दूसरे रास्ते बंद होते जा रहे हैं। सरकार के पास इमरजेंसी के हालातों में इस्तेमाल होने वाला पैसा जो कभी 335 बिलियन डॉलर यानी 27 लाख करोड़ हुआ करता था अब घटकर केवल 67 बिलियन डॉलर यानी 5 लाख करोड़ रुपए रह गया है।

व्हाइट हाउस में हो रही मैराथन मीटिंग

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका को दिवालिया होने से बचाने के लिए सरकार और विपक्षी पार्टी के नेताओं के बीच व्हाइट हाउस में एक के बाद एक मैराथन मीटिंग हो रही हैं। बाइडेन देर रात तक व्हाइट हाउस के वेस्ट विंग में अपने सलाहकारों से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि इसके बावजूद अब तक कोई डील नहीं पाई है। शुक्रवार को रिपब्लिकन पार्टी के रिप्रजेंटेटिव पैट्रिक टी मैक हेनरी ने कहा- एक के बाद एक रात हम यहां जुटते हैं, हर कोई बातचीत की डिटेल चाह रहा है।

उन्होंने कहा सब लोग एक ट्वीट का इंतजार कर रहे हैं। जबकि मैं एक ऐसा एग्रीमेंट चाहता हूं जो इस देश को नई दिशा दे सके। दरअसल, पैट्रिक अमेरिका की निचली सदन के स्पीकर केविन मैकार्थी के साथ मिलकर डील फाइनल करने का काम कर रहे हैं।

बाइडेन के एजेंडा में 14% की कटौती चाहते हैं रिपब्लिकन

अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बाइडेन की पार्टी के सांसदों की संख्या कम है। ऐसे में विपक्षी दलों को बाइडेन मना रहे हैं। ट्रंप की पार्टी के सांसदों की मांग है कि बाइडेन सरकार खर्च कम करे। तभी वो कर्ज बढ़ाने का समर्थन देंगे। अप्रैल में रिपब्लिकन पार्टी ने एक बिल पास किया था जिसमें ये प्रस्ताव रखा गया था |