लाहौर । कश्मीर प्रीमियर लीग के अध्यक्ष आरिफ मलिक ने कहा है भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी एक अगस्त से होने वाले दूसरे सत्र के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मलिक के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से आयोजित की जाने वाली इस लीग के लिए कोहली को निमंत्रण भेजने का आशय शांति का संदेश देना है.
मलिक ने कहा, ‘ विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने एक संदेश दिया कि क्रिकेट हर चीज से परे होना चाहिए , इसलिए हम विराट को लीग में खेलने या कम से कम एक मैच देखने के लिए आमंत्रित करने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेज रहे हैं। यह हमारी तरफ से शांति का संदेश है, अब यह उन पर निर्भर करता है कि वह इसे स्वीकार करते हैं या नहीं।’
मलिक ने साथ ही कहा, ‘हम अन्य भारतीय खिलाड़ियों की भी मेजबानी करने के लिए तैयार हैं। हमारा मानना है कि खेल ही दोनों देशों के बीच के मतभेदों को कम करने का एकमात्र तरीका है।’ कश्मीर प्रीमियर लीग में पिछले सत्र में 6 टीमों ने भाग लिया था। यह टूर्नामेंट 2021 में पहली बार आयोजित किया गया था।