आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने गुरुवार को वाइस चीफ ऑफ नेवी का चार्ज संभाल लिया। उन्होंने वाइस एडमिरल संजय जे सिंह का स्थान लिया जिन्होंने पश्चिमी नेवल कमांड के फ्लेग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ का चार्ज लिया है।

नेवी के वाइस चीफ का चार्ज लेने से पहले वाइस एडमिरल त्रिपाठी पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत थे। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र रहे हैं। वे 1 जुलाई 1985 को नेवी में शामिल हुए थे।

सुप्रीम कोर्ट से कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की याचिका खारिज, PM मोदी पर कमेंट को लेकर आपराधिक मामला दर्ज है

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने की मांग की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस संदीप मेहता ने कहा कि वे इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने को इच्छुक नहीं है। गौरतलब है कि 17 अगस्त को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खेड़ा की याचिका खारिज कर दी थी।

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में CAF जवान ने खुद को मारी गोल, हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में गुरुवार सुबह CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) के एक जवान ने खुद को गोली मार ली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जवान को रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, जवान का नाम वीरेंद्र चिंडा (56) है, जो नक्सल प्रभावित इलाके कुदुर के पुलिस कैंप में पोस्टेड है। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वीरेंद्र चिंडा ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली पेट में लगी, जो कमर से होते हुए बाहर निकल गई।

महुआ मोइत्रा ने सरकारी बंगले में रहने के लिए लगाई थी याचिका, दिल्ली HC बोला- संपदा विभाग से संपर्क करें

दिल्ली हाईकोर्ट ने निष्कासित लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा को सरकारी आवास पर कब्जा जारी रखने की अनुमति के लिए संपदा निदेशालय से संपर्क करने को कहा है। महुआ को 8 दिसंबर को कैश फॉर क्वैरी केस में एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट और सदन में वोटिंग के बाद निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस भेजा गया था।

उधर, सुप्रीम कोर्ट उनके निष्कासन के खिलाफ दायर याचिका पर 11 मार्च के बाद सुनवाई करेगा।

कांग्रेस में शामिल हुईं आंध्रप्रदेश के CM जगन मोहन रेड्‌डी की बहन YS शर्मिला

वाईएसआर तेलंगाना पार्टी प्रमुख वाईएस शर्मिला ने गुरुवार 4 जनवरी को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है। उन्होंने बुधवार को इडुपुलापाया की अपनी यात्रा के दौरान कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा की घोषणा की थी। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी मौजूद रहे।

हाल ही में तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी वाईएस शर्मिला ने लगातार कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा क्योंकि इससे वोट बिखर जाते।